अर्जुन कपूर का कहना है कि वह अपने पिता के इतने करीब नहीं हैं जितने अपने चाचा संजय कपूर के। अर्जुन के अनुसार, पिता के साथ मैं बहुत ही कम रहा हूं लेकिन चाचू के साथ तो दिन रात का याराना था। साथ में ही हमारा उठना-बैठना था। वे एक पिता, भाई, दोस्त के रूप में मेरी मदद को हमेशा तैयार रहते थे।
अर्जुन का कहना है कि उन्होंने पहली बार ड्रिंक चाचू के साथ ही ली थी। यानी पहली पैग चाचू के साथ चीयर्स करके पीया था। बताते चलें कि अर्जुन के संजय कपूर के अलावा अनिल कपूर भी चाचा हैं, जिनकी बेटी सोनम कपूर हैं। अर्जुन का कहना है कि उन्हें परिवार में सबसे ज्यादा कोई समझता है तो वे उनके सबसे छोटे चाचू संजय कपूर ही हैं।
अर्जुन पहली बार अपने पिता के होम प्रोडक्शन में काम कर रहे हैं। इस बैनर के तले अर्जुन फिल्म ‘तेवर’ में लीड रोल निभा रहे हैं। उनके साथ सोनाक्षी सिन्हा की जोड़ी है। दोनों पहली बार फिल्म कर रहे हैं।
यहां यह भी जिक्र कर दें कि बोनी कपूर के बैनर में संजय कपूर भी उनके साथ सह-निर्माता के रोल में हैं। अर्जुन का कहना है कि सेट पर उनके चाचू की वजह से उनकी अपने पिता के साथ अच्छी समझदारी बनी। चाचू की वजह से ही मैं अपने पिता के नजदीक आया।
सोनाक्षी के करीब होने पर दी सफाई
अपनी सह-अभिनेत्री के साथ अफेयर की चर्चाएं अभिनेता के जीवन का एक अभिन्न हिस्सा होती हैं। यह कहना है अभिनेता अर्जुन कपूर का। उन्होंने कहा कि इस तरह की खबरें केवल उन्हीं के बारे में नहीं आई हैं।
अभिनेता अर्जुन कपूर के बारे में अफवाहें हैं कि वह 'तेवर' फिल्म की अपनी सह-अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा को डेट कर रहे हैं। लेकिन अर्जुन की कहानी इससे बिल्कुल भिन्न है।
अर्जुन ने कहा, "ये चीजें (अफेयर की चर्चाएं) अभिनेता की जिंदगी का एक अभिन्न हिस्सा होती हैं। मैं पहला अभिनेता नहीं हूं जिसका नाम उसकी सह-अभिनेत्री के साथ जोड़ा गया हो, और जाहिर है मैं आखिरी भी नहीं हूं।"
हम दोनों को ही फर्क नहीं पड़ता
उन्होंने कहा, "हम दोनों (सोनाक्षी और अर्जुन) को इन अफवाहों से कोई फर्क नहीं पड़ता।" इससे पहले अर्जुन के अफेयर की चर्चाएं उनकी पिछली फिल्म '2 स्टेट्स' की अभिनेत्री आलिया भट्ट के साथ थीं। लेकिन अर्जुन ने कहा कि वह फिलहाल एकल हैं।
उन्होंने कहा, "मैं पिछले दो सालों से यही बात कह रहा हूं, पर किसी को भी मेरी बात पर भरोसा नहीं होता है। हर कोई चाहता है कि मैं एक गर्लफ्रैंड बना लूं और जब भी मैं अपनी सह-अभिनेत्रियों के साथ मुलाकात के लिए जाता हूं तो हमारे अफेयर की चर्चाएं शुरू हो जाती हैं।"
'तेवर' फिल्म का निर्देशन अमित शर्मा ने किया है। इसमें मनोज वाजपेयी भी अहम किरदार निभा रहे हैं। यह फिल्म अगले साल नौ जनवरी को रिलीज होगी।