अरिजीत सिंह किसी भी सूरत में सलमान खान को खफा नहीं रखना चाहते। हाल ही में फेसबुक पोस्ट के जरिए उन्होंने माफी मांगी लेकिन सलमान ने कोई जवाब नहीं दिया। अब अरिजीत ने सलमान के घर जाकर उनसे सारा मामला साफ करने की ठानी है। बॉलीवुड लाइफ डॉट कॉम की खबर के अनुसार, अरिजीत सलमान और उनके पिता सलीम खान से मिलकर बताना चाहते हैं कि उनकी कोई गलती नहीं है, उनको सलमान माफ कर दें।
अरिजीत और सलमान के बीच अनबन की शुरुआत एक अवार्ड शो के दौरान हुई। शो में सलमान खान और रितेश देशमुख एंकरिंग कर रहे थे। अरिजीत सिंह को जब अवार्ड लेने के बुलाया गया तो उनके जरा सा लेट होने पर सलमान ने कहा कि सो गया था क्या? इसपर अरिजीत ने कहा कि आपकी एंकरिंग से कोई भी सो जाएगा। इसके बाद सलमान ने अरिजीत के गानों के सुलाने वाला बताया।
करीब दो साल पहले इस विवाद पर हाल ही में एकाएक तब सबकी नजर गई जब हाल ही अरिजीत ने फेसबुक पर एक लंबा माफीनामा सलमान के नाम लिखा। इसके एक घंटे बाद उन्होंने इसे डिलीट कर दिया। दरअसल अब इस मामले के सामने आने की वजह सलमान खान की फिल्म 'सुल्तान' है। फिल्म में अरिजीत ने एक गाना रिकॉर्ड किया गया है। बताया जाता है कि सलमान को अरिजीत पसंद नहीं इसलिए वो गाने को फिल्म में रखना नहीं चाहते हालांकि फिल्म से जुड़े लोग इसे गलत बता रहे हैं।
अरिजीत इसी बात से डरे हुए हैं और गाने को फिल्म से ना हटाने की गुजारिश सलमान से कर रहे हैं। उन्होंने अपनी फेसबुक पोस्ट में इस बात का जिक्र किया कि वो कई बार सलमान से मिलने की कोशिश कर चुके लेकिन नाकामयाब रहे। अब अरिजीत ने एक इंटरव्यू में कहा कि वो अभी देश से बाहर हैं लेकिन वापस आकर खुद चलकर सलमान के घर जाएंगे और दिल के मैल दूर करेंगे।