तापसी पन्नू की अपमिंग फिल्म 'रश्मि रॉकेट' में एक नए कलाकार की एंट्री हो चुकी है। नई जानकारी के अनुसार आकर्ष शक्ति निर्देशित इस फिल्म में अपारशक्ति खुराना नजर आएंगे। वह फिल्म में तापसी के अपोजिट मुख्य किरदार निभाएंगे। अगर ऐसा होता है तो यह पहली बार होगा जब तापसी और अपारशक्ति की जोड़ी एक साथ नजर आएगी। गौरतलब है कि अपारशक्ति खुराना इस फिल्म के अलावा डीनो मोरिया की फिल्म 'हेलमेट' में भी मुख्य किरदार निभाने वाले हैं। फिल्म में उनके अपोजिट प्रनूतन बहल नजर आएंगी। अपारशक्ति ने 'दंगल', 'स्त्री', 'लुका छुपी', 'बाला' और 'पति पत्नी और वो' जैसी फिल्मों में सहायक भूमिकाओं से दर्शकों की प्रशंसा हासिल की है।
गौरतलब है कि इस फिल्म में तापसी एक गांव की युवा लड़की का किरदार निभाएंगी। यह कच्छ की रहने वाली एक महिला की काल्पनिक कहानी है, जो एक धावक बनने की इच्छा रखती है तापसी स्क्रीन पर एक धावक की तरह दिखने के लिए खूब मेहनत कर रही हैं। वह शारीरिक तौर पर इस किरदार को अपनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती हैं। यह फिल्म आरएसवीपी के बैनर तले बन रही है, जो इस साल सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है। हालांकि तारीख को लेकर अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।
तापसी की पुरानी फिल्मों पर नजर दौड़ाए तो एक बात तो साफ हो जाती है कि वह साल दर साल अपने करियर में एक नया मुकाम हासिल करती जा रही हैं। जहां साल 2018 में उन्होंने 'मुल्क' और 'मनमर्जियां' जैसी फिल्मों से सराहना बटोरी थी तो वहीं पिछले साल यानी की 2019 में उन्होंने 'बदला', 'मिशन मंगल' और 'सांड की आंख' जैसी हिट फिल्में दी। 'रश्मि रॉकेट' के अलावा आने वाले समय में वह फिल्म 'थप्पड़' और 'हसीन दिलरूबा' जैसी फिल्मों में नजर आएंगी।
पढ़ें: प्राइम वीडियो का ये है 2020 धमाका, अनफॉरगॉटेन आर्मी के बाद रिलीज हो रहीं ये 13 बड़ी सीरीज