प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने की अपील को टेलीविजन और फिल्म जगत की हस्तियों ने महाअभियान का रूप दे दिया। उनके इस प्रयास से इस दिवाली छोटे कारोबारियों का घर वोकल फॉर लोकल मुहिम से गुलजार हो गया। इन हस्तियों ने अपने दिवाली संदेश वाले वीडियो व सोशल मीडिया पोस्ट में स्थानीय लोगों से खरीदारी की अपील की। अपने-अपने क्षेत्र के दर्जी, कारीगरों, मिठाई वाले, फल वालों, कुम्हारों व छोटे दुकानदारों का जमकर प्रचार किया। दिवाली से पहले सोशल मीडिया पर वोकल फॉर लोकल ट्रेंड किया।
कंदीलों से लोगों के घर रोशन
अनुपमा फेम रूपाली गांगुली ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह अपने घर पर सजावट के लिए इस्तेमाल की गई कंदील की फोटो पोस्ट करती हैं और सबको बताती हैं कि उनके घर के पास मीनाक्षी काकी ऐसे कंदीलों से लोगों के घर रोशन कर रही हैं। इसके बाद अनुज और अनुपमा अपने-अपने कपड़ों के लिए मोहल्ले के ही श्याम गार्मेंट्स का जिक्र करते हुए उनके प्रचार में भी पोस्ट करते हैं।
खादी की खूबसूरती
फुकरे फेम अभिनेता वरुण शर्मा ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह सूरत के कारखानों में तैयार खादी के कुर्ते व सदरी को मुंबई के एक शोरूम से खरीदते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो में वाइस ओवर चलता है सूत आया राजस्थान से, चरखे पर चला वाराणसी में और खादी बन पहुंचा सूरत के कारखानों और में और कुर्ता बन बिका मुंबई की दुकानों में। यही खादी की खूबसूरती है। इसी तरह देशभर के घरों में खादी से खुशहाली आती है।
अनुपम खेर ने साझा किया दिव्यांग बच्चों का वीडियो
अनुपम खेर ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें श्री नाकोडा कर्णबधिर विद्यालय के बच्चे पैसे जमा कर दिवाली के लिए स्थानीय कुम्हारों, झालर विक्रेताओं से खरीदारी करते दिखाई देते हैं। अनुपम खेर ने पोस्ट में लिखा ये बच्चे बोल नहीं सकते, लेकिन कमाल का जज्बा है इनका। वहीं, अभिनेता जैकी श्रॉफ और भूमि पेडनेकर ने भी वीडियो साझा कर वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने की अपील की। जैकी ने मालियों तो भूमि ने बुनकरों से सामान खरीदने की अपील की। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देते हुए स्थानीय दुकान से दीये खरीदे। इसकी तस्वीरें एक्स पर साझा करते हुए लिखा, दिवाली की खरीदारी ऐसी जगह से करें, जो आपकी वजह से दिवाली मना सकें।