अनुमप खेर ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ की कुछ पुरानी तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह एक्ट्रेस तन्वी और असल तन्वी के साथ पोज दे रहे हैं। साथ ही कुछ और फैमिली फोटो भी उन्होंने शेयर की हैं। इन तस्वीरों में वह फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ की इंस्पिरेशन रही असल तन्वी की एक वीडियो भी शेयर करते हैं। दअरसल, असल तन्वी उनकी भतीजी है। अपनी भतीजी तन्वी को उन्होंने जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही एक इमोशनल नोट भी लिखा है।
असल तन्वी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
अनुपम खेर ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘असल तन्वी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मेरी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ का आइडिया मेरी भतीजी तन्वी से आया। वह पूरी दुनिया में मेरी सबसे पसंदीदा लड़की है। ऑटिस्टिक होने के बावजूद उसके दिल में सिर्फ अच्छाई है। वह स्मार्ट, बहुत इंटेलीजेंट, एकदम सीधी-सादी और एक शानदार सिंगर है। उसे लंबी, स्वस्थ और खुशहाल जिंदगी की शुभकामनाएं।
तन्वी के बारे में अनुपम खेर ने बताई कई बातें
अनुपम खेर आगे लिखते हैं, ‘तन्वी, मैं तुमसे बहुत ज्यादा प्यार करता हूं। तुमने मुझे फिल्म के आइडिया के तौर पर सबसे शानदार तोहफा दिया। तुमने मुझे इस दुनिया का सबसे अमीर आदमी बना दिया। ‘तन्वी द ग्रेट’ फिल्म से मैंने दया, अच्छाई, करुणा और सच्चाई की शक्ति का पूरा मतलब समझा। इन सीखों के लिए धन्यवाद। तुमने न सिर्फ मेरी जिंदगी पर बल्कि 250 से ज्यादा यूनिट मेंबर्स और फिल्म देखने वाले इतने सारे लोगों की जिंदगी पर भी असर डाला है। भगवान तुम्हें आशीर्वाद दे बेटा। प्यार और आशीर्वा।’
फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी तारीफ मिली
अनुपम खेर ने 'तन्वी द ग्रेट' को निर्देशित किया था। इसमें शुभांगी ने तन्वी रैना का लीड रोल किया था। फिल्म में अनुपम खेर, जैकी श्रॉफ, बोमन ईरानी और करण टैकर भी अहम किरदारों में नजर आए। इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी तारीफ मिली है, कान, न्यूयॉर्क, ह्यूस्टन और लंदन के बड़े फिल्म फेस्टिवल्स में दिखाया गया है।