अनुपम खेर ने स्वीडन के स्टॉकहोम में 'रामायण' की खास स्क्रीनिंग में हिस्सा लिया है। फिल्म देखने के बाद दिग्गज अभिनेता ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अभिनेता ने फिल्म में जटायु को अपनी आवाज दी है। वह फिल्म से नैरेटर के तौर पर भी जुड़े हैं। उन्होंने फिल्म को भारतीय सिनेमा के इतिहास की बेहतरीन फिल्मों में से एक बताया है।
'रामायण' पर क्या बोले अनुपम खेर?
अनुपम खेर के अनुसार इस स्क्रीनिंग में लगभग 500 लोग शामिल हुए थे। इंस्टाग्राम पर खेर ने एक वीडियो के जरिए अपना अनुभव साझा किया और इस प्रोजेक्ट से जुड़े होने पर गर्व जताया। उन्होंने कहा, 'यकीनन यह भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक है। विजुअली मैंने इससे शानदार कुछ और नहीं देखा है। 100 से ज्यादा वर्षों में यह सबसे अच्छी फिल्म है।'
अनुपम खेर
- फोटो : इंस्टाग्राम@anupampkher
कैसी थी दर्शकों की प्रतिक्रिया?
दर्शकों की प्रतिक्रिया के बारे में बताते हुए खेर ने कहा कि फिल्म खत्म होते ही पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और लोग 'जय श्री राम' के नारे लगाने लगे। उन्होंने स्टॉकहोम में लोगों के इस उत्साह को एक शानदार अनुभव बताया।
खुद को भाग्यशाली मानते हैं अनुपम खेर
वीडियो के कैप्शन में अभिनेता ने लिखा, 'मैं अभी स्टॉकहोम में लगभग 500 लोगों के साथ खचाखच भरे हॉल में 'रामायण' देखकर लौटा हूं। मेरा दिल खुशी से झूम उठा है। मुझे बहुत खुशी और गर्व है कि हमारे भारत में इतनी असाधारण फिल्म बनी है! मैं खुद को भाग्यशाली और गौरवान्वित महसूस करता हूं कि मैं इस फिल्म से जुड़ा हूं। चाहे वह जटायु का किरदार निभाना हो या फिल्म की शुरुआत में नैरेटर के रूप में अपनी आवाज देना।'
दिल से निकली तारीफ
अपने वीडियो के बारे में स्पष्ट करते हुए खेर ने कहा कि उनकी बातों को किसी समीक्षा के बजाय दिल से निकली तारीफ माना जाना चाहिए। उन्होंने लिखा, 'इसे फिल्म का रिव्यू कहने के बजाय, मैं इसे दिल से निकली तारीफ कहना पसंद करूंगा। मैंने बस वही कहा है जो मैंने सच में महसूस किया। बाकी बातें आप खुद सुन सकते हैं।'
अभिनेता ने इस प्रोजेक्ट से जुड़ी पूरी टीम को भी बधाई दी, जिसमें कलाकार और तकनीशियन दोनों शामिल हैं। उन्होंने अपनी बात इन शब्दों के साथ खत्म की, 'आपने हमें गर्व करने का एक असाधारण कारण दिया है। जय श्री राम! जय हिंद!'
रामायण
- फोटो : यूट्यूब
'रामायण' के बारे में जानकारी
- नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' महाकाव्य पर आधारित दो-भाग वाली फिल्म का पहला हिस्सा है।
- इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के रूप में नजर आ रहे हैं।
- अनुपम खेर ने जटायु को आवाज दी है। यह पक्षी कहानी में अहम भूमिका निभाता है।
- फिल्म में रवि दुबे, अरुण गोविल, लारा दत्ता और रकुल प्रीत सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं।
- नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित यह महाकाव्य फिल्म 5 नवंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई।