पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बायॉपिक जल्द ही पर्दे पर आने वाली है। शूटिंग खत्म हो चुकी है। हाल ही में फिल्म का एक फोटोशूट सामने आया है जिसमें फिल्म की पूरी स्टार कास्ट नजर आ रही है। फोटो में मनमोहन सरकार के सभी मंत्री, उनकी पत्नी, पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम आजाद सहित कई कैबिनेट मिनिस्टर नजर आ रहे हैं।इससे पहले भी फिल्म के कई पोस्टर रिलीज किए जा चुके हैं। फिलहाल अनुपम खेर ने फिल्म का नया फोटोशूट शेयर किया है।
फिल्म में मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर का किरदार निभा रही हैं दिव्या सेठ शाह। अटल बिहारी वाजपेयी के किरदार में नजर आएंगे राम अवतार भारद्वाज। इस फिल्म में प्रियंका गांधी के किरदार में अहाना कुमरा नजर आएंगी, जबकि राहुल गांधी का किरदार अर्जुन माथुर ने निभाया है।
अनुपम खेर इस फिल्म में देश की राजनीति में अहम स्थान रखने वाले भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का किरदार पर्दे पर उतारने जा रहे हैं। इस फिल्म की कहानी हंसल मेहता ने लिखी है, किताब को लेकर काफी विवाद हुआ था, और फिल्म बनाने को लेकर भी हंगामा हुआ था।
फिल्म को सुनील बोहरा प्रोड्यूस कर रहे हैं, इससे पहले वे 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' और 'साहेब बीवी और गैंगस्टर' जैसी फिल्मों को को-प्रोड्यूस कर चुके हैं। संजय बारू 2004 से 2008 के बीच तत्कालीन प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार थे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री से जुड़ी कई अहम बातों का इसमें खुलासा किया है। इस फिल्म का निर्देशन विजय रत्नाकर कर रहे हैं और हंसल मेहता इसके क्रिएटिव निमार्ता हैं। फिल्म में अक्षय खन्ना संजय बारू के रूप में नजर आएंगे। फिल्म 21 दिसंबर को रिलीज होगी।