मशहूर फोटोग्राफर और अभिनेत्री अंतरा माली के पिता जगदीश माली को पिछले दिनों अंधेरी की एक सड़क पर लगभग निर्वस्त्र हालत में पाया गया। उनकी सहायता लिए आगे आए अभिनेता सलमान खान का कहना है कि उन्हें मदद की जरूरत है। सलमान के मुताबिक जगदीश को मधुमेह की बीमारी है और अगर वह इंसुलिन लेना भूल जाएं तो भ्रमित हो जाते हैं। उन्हें एक सहायक के साथ आर्थिक सहायता की भी जरूरत है।
अब इस बात पर सलमान खान और जगदीश माली की बेटी अंतरा माली की ठन गयी है। अंतरा का कहना है कि उनके पिता को मदद की जरूरत नहीं है। उनकी हालत यह नहीं है कि उन्हें किसी की दया और मदद की जरूरत हो। इस पर सलमान खान बिफर गए हैं। उन्होंने कहा कि जिस अवस्था में जगदीश माली पाए गए हैं उन्हें निश्चित ही सहायता की जरूरत है। नाम न लेते हुए उन्होंने कहा कि यदि उनके करीबी उनका ध्यान रखते तो उनकी आज यह हालत न होती।
उन्होंने अंतरा से पूछा कि आपके पिता ऐसी अवस्था में सड़क पर देखे गए हैं और आप कह रही हैं कि उन्हें मदद की जरूरत नहीं है। आप ही बताइए फिर किसको मदद की जरुरत है? सलमान ने कहा कि जगदीश एक बहुत बड़े फोटोग्राफर हैं। हमें बड़ी मुश्किल से उनके साथ फोटो शूट करने का मौका मिलता था। उन्हें ऐसी हालत में देखना कष्ट से गुजरने जैसा है। हाल ही में जगदीश को इस अवस्था में देखने के बाद अभिनेत्री मिंक बरार ने मदद के लिए सलमान को बुलाया था। उसके बाद सलमान ने उनकी मदद की थी।