अनिल कपूर की फिल्म ‘नायक’ साल 2001 में रिलीज हुई। फिल्म की कहानी को दर्शकों ने काफी सराहा था। फिल्म में अनिल कपूर एक पत्रकार की भूमिका में थे, जिसे एक दिन का मुख्यमंत्री बनने का मौका मिलता है। वह एक दिन में ही राजनीति की दुनिया को बदलकर रख देता है। असल जिंदगी में भी अनिल कपूर को एक खास पद पर काम करने का मौका मिला था, जिसे उन्होंने स्वीकार नहीं किया। जानिए, क्यों?
यूएन का ऑफर क्यों ठुकराया?
हाल ही में इंडियन एक्सप्रेस से की गई बातचीत में अनिल कपूर कहते हैं, ‘जब मुझे डैनी बॉयल की फिल्म ‘स्लमडॉग मिलियनेयर(2008)’ के कारण इंटरनेशनल लेवल पर पॉपुलैरिटी मिली तो यूएन की तरफ से एक सिंबॉलिक पोजिशन पर काम करने का ऑफर आया। लेकिन मैं इसे एक फोटो खींचवाने वाली जॉब की तरह नहीं करना चाहता था। मैं नहीं चाहता था कि लोग चार फोटो लें और मैं कुछ काम ना करूं। वैसे भी मेरी इतनी सारी प्रायोरिटीज हैं कि मुझे नहीं लगता कि यूएन वाला काम कर पाता। मैं बिना दिखावा किए सिर्फ वही काम करता हूं, जो मैं कर सकता हूं। मुझसे कहीं बेहतर लोग हैं जो राज्यसभा और लोकसभा में होने के लायक हैं।’
ओटीटी पर आएगी अनिल की फिल्म 'सूबेदार'
हाल ही में अनिल कपूर की फिल्म 'सूबेदार' का टीजर रिलीज हुआ। यह 5 मार्च को ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। फिल्म की कास्ट और कहानी के बारे में अभी तक ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल फैंस अनिल कपूर को नए अवतार में देखने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इस फिल्म में वह जबरदस्त एक्शन करते नजर आएंगे।
ये भी हैं अनिल कपूर के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स?
वर्कफ्रंट की बात करें तो अनिल कपूर के खाते में कई फिल्में शामिल हैं। ‘सूबेदार’ के अलावा उनकी आगामी फिल्मों और सीरीज में ‘अल्फा’, ‘किंग’ और ‘फैमिली बिजनेस’ शामिल हैं। इसके अलावा उनके ‘नायक 2’ बनाने की भी चर्चाएं हैं। हाल ही में अनिल कपूर अपनी बेटी सोनम कपूर के बेबी शॉवर में नजर आए थे।