फिल्म ‘गुलामी’ से बतौर सिनेमैटोग्राफर अपना करियर शुरू करने वाले हिंदी फिल्म जगत के मशहूर तकनीशियन ईश्वर बिदरी का रविवार को कर्नाटक के बेलगाम में निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। ईश्वर बिदरी के परिवार में उनकी पत्नी औऱ एक बेटा है। हिंदी सिनमा के नामचीन तकनीशियनों में शुमार होने वाले ईश्वर बिदरी ने अपने करियर में तमाम सुपरहिट फिल्मों की सिनेमैटोग्राफी की। उनकी फिल्मों में ‘गुलामी’ के अलावा ‘यतीम’, ‘बंटवारा’, ‘हथियार’, ‘वंश’, ‘अंगार’, ‘दामिनी’, ‘अंदाज अपना अपना’, ‘घातक’, ‘बॉर्डर’, ‘फर्ज’ और ‘अंदाज’ आदि फिल्में शामिल हैं। फिल्म निर्देशकों जे पी दत्ता और राज कुमार संतोषी के वह काफी खास थे।