धर्मा प्रोडक्शंस से बॉलीवुड में कदम रखने वाली अनन्या पांडे ने एक बार फिर उसी प्रोडक्शन हाउस से ओटीटी पर भी डेब्यू करने जा रही हैं। एक्ट्रेस धर्मा के डिजिटल विंग धर्मैटिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले 'कॉल मी बे' नाम की वेब सीरीज से डिजिटल में अपनी शुरुआत करने जा रही हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो अमेजन प्राइम की इस वेब सीरीज में अनन्या का अलग अंदाज देखने को मिल सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस सीरीज में अनन्या एक फैशनिस्ट की भूमिका में दिखाई देंगी। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि इस सीरीज में एक्ट्रेस एक धनी परिवार की सदस्य के रूप में नजर आएंगी जो एक सनसनीखेज घोटाले में फंस जाती हैं। इस घोटाले से निकलते समय वह खुद की पहचानने में कामयाब रहती हैं।
बताया जा रहा है कि 'दोस्ताना 2' का निर्देशन करने जा रहे कोलिन डी'कुन्हा इस सीरीज को डायरेक्ट करेंगे। इशिता मोइत्रा, समीना मोटलेकर और रोहित नायर ने इस सीरीज को लिखा है। बता दें कि अनन्या पांडे ने जल्द ही हाल ही आयुष्मान खुराना के साथ ड्रीम गर्ल 2 में नजर आ रही हैं। यह पहला मौका है जब दोनों एक साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करेंगे।
माना जा रहा है कि इस फिल्म की शूटिंग खत्म करने के बाद एक्ट्रेस वेब सीरीज पर काम शुरू करेंगी। शो के 2023 की दूसरी छमाही में अमेजन प्राइम पर प्रीमियर होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि अनन्या पांडे का धर्मा प्रोडक्शंस के साथ लंबे समय से जुड़ाव रहा है। वह अब तक इस बैनर की तीन फिल्मों स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2, गहराइयां और लाइगर में नजर आई थीं। हालांकि बॉक्स ऑफिस पर उनकी किसी भी फिल्म कोई खास सफलता नहीं मिल सकी।