फिल्म 'बिटरस्वीट' के बारे में अनंत महादेवन का कहना है कि उन्होंने इस फिल्म को बनाने में जितनी निर्ममता दिखा सकते थे, उतनी दिखाने की कोशिश की है। वह चाहते हैं कि इस फिल्म के जरिए दर्शक पूरी सच्चाई को समझें। यह फिल्म उनके हिसाब से वैश्विक स्तर पर लोगों को आकर्षित करेगी। उन्हें लगता है कि गन्ने के खेतों में काम करने वालीं औरतों के इस दर्द को पूरी दुनिया देखे। इस दर्द को आसपास जानते तो सभी लोग हैं लेकिन इसके खिलाफ आवाज उठाने से डरते हैं। जो लोग इस तरह के कामों को अंजाम देते हैं, वह दरअसल बहुत ताकतवर हैं। उनकी कहानी की नायिका सुगुना है। वह इन क्रूर लोगों के खिलाफ खड़ी होती है।
अनंत का कहना है कि उनकी फिल्म 'बिटरस्वीट' सिनेमाघरों में रिलीज होने लायक है। यह बहुत गलत बात होगी अगर यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हुई। अनंत ने कहा कि वैसे तो नियम बदल गए हैं इसलिए अगर वह इस फिल्म को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी रिलीज करते हैं तो भी यह फिल्म ऑस्कर में जाने लायक तो फिर भी रहेगी। पिछले साल ऑस्कर में देश से रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म 'गली ब्वॉय' को भेजा गया था। यह फिल्म अंग्रेजी से इतर भाषा की फिल्मों की कैटेगरी की अंतिम पांच फिल्मों में जगह बनाने में विफल रही थी।