फिल्म सुपर 30 की कामयाबी का मजा ले रहे ऋतिक रोशन ने अब एक के बाद एक फिल्में साइन करनी शुरू कर दी हैं। अपनी पिछली फिल्म काबिल की रिलीज के बाद सिर्फ और सिर्फ सुपर 30 पर ही दो साल तक अपना पूरा फोकस जमाए रहे ऋतिक रोशन ने फिल्म सत्ते पे सत्ता की रीमेक के बाद एक और फिल्म की कहानी के लिए हां कर दी है। ये फिल्म बनाने जा रहे हैं मशहूर निर्माता निर्देशक आनंद एल राय, जिनकी पिछली फिल्म शाहरुख खान स्टारर जीरो पिछले साल दिसबंर में रिलीज हुई थी।
आनंद एल राय अब लार्जर दैन लाइफ फिल्मों का मोह छोड़ वापस अपनी उसी धारी की फिल्मों की तरफ लौट रहे हैं जिनमें छोटे शहरों की रूमानी कहानियां तमाम सारे जज्बात के साथ वह सुनाया करते थे। आनंद एल राय की फिल्में तनु वेड्स मनु, तनु वेड्स मनु रिटर्न्स और रांझणा हिंदी सिनेमा की कालजयी फिल्मों में गिनी जाती हैं। रांझणा के हीरो धनुष ही आनंद एल राय की इस नई फिल्म के मुख्य हीरो होंगे और ऋतिक रोशन फिल्म में एक लंबा स्पेशल अपीयरेंस करते नजर आएंगे। बताया जाता है उन्होंने अभी सिर्फ फिल्म की कहानी सुनकर हां की है, फिल्म साइन करने के बाकी पहलुओं पर रजामंदी होना अभी बाकी है।
कलर येलो प्रोडक्शंस के सूत्रों के मुताबिक आनंद एल राय इस फिल्म की कहानी पर जीरो के पहले से काम करते रहे हैं और इसका खाका भी आनंद की पहले की फिल्मों से ही मिलता जुलता है। फिल्म रांझणा और तनु वेड्स मनु सीरीज की फिल्मों की ही तरह एक प्रेम त्रिकोण वाली कहानी होगी, जिसमें फीमेल लीड के लिए सारा अली खान से बात चल रही है। सारा का नाम अभी तक फाइनल नहीं हुआ है क्योंकि उनकी दिलचस्पी अपनी फिल्म आजकल के हीरो कार्तिक आर्यन के साथ भुल भुलैया की सीक्वल करने में ज्यादा है।