निर्माता संजय राउतरे की फिल्म अंधाधुन को तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने का जश्न बुधवार को मुंबई के एक पंचसितारा होटल में मनाने के बाद इसके हीरो आयुष्मान खुराना परिवार के साथ छुट्टियां मनाने निकल जाएंगे। एक के बाद एक लगातार फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त रहे आयुष्मान ने लंबे अरसे बाद परिवार के साथ छुट्टियां लेने की योजना बनाई है। गौरतलब कि इस साल जनवरी से लेकर अभी तक उन्होंने एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली है।
पिछले पांच महीने में तीन फिल्मों की शूटिंग पूरी कर चुके आयुष्मान खुराना की राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने वाली फिल्म अंधाधुन के निर्देशक श्रीराम राघवन और निर्माता संजय राउतरे भी लगातार सफर में रहे हैं। दोनों हाल ही में मेलबर्न फिल्म फेस्टिवल से लौटे हैं, जहां राघवन को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और तब्बू को इसी फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। फिल्म को तीन राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने की सूचना भी इन सबको मेलबर्न में ही मिली। मुंबई लौटने के बाद से लगातार मिल रही बधाइयों के बीच संजय राउतरे ने अंधाधुन की कामयाबी का जश्न मनाने का फैसला किया। अंधाधुन की सक्सेस पार्टी बुधवार की रात रखी गई है।
पढ़ें:
आयुष्मान खुराना के फैंस को 'बधाई हो', प्रोड्यूसर्स ने किया 'बधाई हो 2' बनाने का एलान
उधर, फिल्म के हीरो आयुष्मान से जुड़े सूत्र बताते हैं कि अंधाधुन की पार्टी करने के बाद आयुष्मान इस कामयाबी को अकेले में सुकून के साथ महसूस करना चाहते हैं। राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने की सूचना मिलने के दिन भी वह शूट ही कर रहे थे और इस लम्हे को ठीक से महसूस करने के लिए वक्त नहीं निकाल पाए। आयुष्मान की पिछली पांच फिल्में लगातार कामयाब रही हैं और आने वाले दिनों में भी उनकी चार फिल्में कतार में हैं। ऐसे में वह इस वीकएंड से लेकर अगले वीकएंड तक पूरा एक हफ्ता मुंबई से लापता होने वाले हैं। परिवार के साथ छुट्टियां बिताकर लौटने के तुरंत बाद वह अपनी अगली फिल्म ड्रीम गर्ल के प्रचार प्रसार में जुटेंगे और फिर शुरू कर देंगें अपनी अगली फिल्म शुभ मंगल ज्यादा सावधान की शूटिंग।