नेपाल में बुधवार को चीन की सीमा के पास ग्लेशियर टूटने के बाद बर्फ और चट्टानों का मलबा गिरने से अचानक बाढ़ आ गई। इसका सबसे ज्यादा असर नेपाल के रासुवा और मध्य नेपाल के कई इलाकों में देखने को मिला। हजारों लोग इस बाढ़ से प्रभावित हुए। कई कलाकारों ने भी बाढ़ पर अपनी ओर से रिएक्शन दिया है। इस बीच अमिताभ बच्चन ने भी अपने ब्लॉग पर बाढ़ को लेकर चिंता जाहिर की है।
अमिताभ बच्चन ने क्या कहा?
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ को लेकर चिंता जाहिर की है। इस भयानक आपदा पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने अपने ब्लॉग पर लिखा, ‘एक गंभीर बात पर... नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही देखना बेहद दर्दनाक है। प्रकृति के कहर से कभी लड़ा नहीं जा सकता। हमें उसका सम्मान करना चाहिए। इसके लिए ईश्वर की मौजूदगी जरूरी है। हम प्रार्थना करते हैं।’
नेपाल और तिब्बत की सीमा के पास ग्लेशियर टूटने के बाद बर्फ और चट्टानों का बड़ा मलबा नीचे आया, जिससे अचानक बाढ़ की स्थिति बन गई। पानी, कीचड़ और मलबे के तेज बहाव ने कई घरों, गाड़ियों, सड़कों और पुलों को अपनी चपेट में ले लिया। कई बस्तियां पूरी तरह मलबे में दब गईं।