अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर की जोड़ी 26 साल बाद बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देगी। दोनों को अभी तक दर्शक भाइयों के रोल में देखते आए थे लेकिन इस बार दोनों एकदम अलग अंदाज में दिखेंगे। अमिताभ और ऋषि उमेश शुक्ला की फिल्म '102 नॉट आउट' में साथ दिखेंगे जिसमें दोनों बाप-बेटे का रोल निभाते नजर आएंगे।
जी हां! अभी तक भाई बनती आई ये जोड़ी पहली बार बाप-बेटे के किरदार में दिखेगी। '102 नॉट आउट' फिल्म इसी नाम के गुजराती नाटक पर बेस्ड है जिसकी पटकथा लेखन और निर्देशन सौम्या जोशी ने किया है। सौम्या ही इस फिल्म की स्क्रिप्ट लिखेंगी। फिल्म को उमेश शुक्ला डायरेक्ट करेंगे जो इससे पहले 'ओएमजी- ओह माय गॉड' और 'ऑल इज वेल' का निर्देशन कर चुके हैं।
'102 नॉट आउट' फिल्म 102 के बाप दत्तात्रेय वखारिया और उसके 75 साल के बेटे बाबु की कहानी है। बाप जहां 102 साल की उम्र में भी अपने सपनों का पीछा करना नहीं छोड़ता वहीं उसका बेटा ठीक उससे उलट है। अमिताभ बच्चन को 102 साल के बाप के किरदार में और ऋषि कपूर को उनके बेटे के रोल में देखना दिलचस्प होगा। वैसे ऋषि कपूर इस रोल के लिए पहली पसंद नहीं थे। ये रोल परेश रावल करने वाले थे लेकिन अपने राजनीतिक प्रतिबद्धताओं के कारण वह ये फिल्म नहीं कर पाए।