नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर अमिताभ बच्चन ने अजीब तरह की प्रतिक्रिया दी है।
अमिताभ बच्चन, गुजरात राज्य के ब्रांड एंबेसडर है और टीवी पर आपने उन्हें गुजरात राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने संबंधी विज्ञापनों में ज़रूर देखा होगा। ऐसे में क्या वो भारत के प्रधानमंत्री पद के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को उपयुक्त मानते हैं ?
ये सवाल पूछा गया मुंबई में हुए एक समारोह में अमिताभ बच्चन से जिसे वो साफ़ तौर पर टाल गए। वह इस सवाल से पूरी तरह बचते नजर आए।
अमिताभ पहले तो हिचकिचाए फिर बोले, "मेरा राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। वो मैं छोड़ चुका हूं। इसलिए मैं इस पर क्या बोलूं।
आप पत्रकार लोग देश भर में घूमते रहते हैं। ये आप बेहतर जानते होंगे कि कौन प्रधानमंत्री बन सकता है।"
मीडिया ने उन्हें और कुरेदने की कोशिश की लेकिन बिग बी इस मामले पर और कुछ नहीं बोले।