शुक्रवार को शुरू हुए केबीसी के नए सीजन में अमिताभ बच्चन जमकर नांचे। उन्हें सोनू निगम ने खूब नचाया।
दरअसल सोनू को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी कि वे बिग बी का परिचय दर्शकों से कराएं। भला बिग बी किसी परिचय के मोहताज हैं? इस बारे में सोनू निगम का कहना है कि बात इस शो की रोचक शुरूआत की है।
वे बिग बी को केबीसी के मंच पर म्यूजिकल तरीके से प्रस्तुत करने जा रहे हैं। आखिर उनका यह म्यूजिकल तरीका क्या है? सोनू खुलासा करते हैं कि वे इस मौके पर बिग बी के लिए गाने गाएंगे और उन्हें नाचने को मजबूर कर देंगे।
केबीसी के इस पहले एपीसोड की शूटिंग कुछ दिन पहले हुई थी। सोनू निगम काफी उत्साहित हैं कि उन्हें केबीसी के निर्माताओं ने एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी और वे इसे पूरी कुशलता से निभा पाए।
बकौल सोनू, यह काम काफी चुनौतीपूर्ण था। सामने अमिताभ बच्चन जैसा एंटरटेनर हो, तो बड़े बडों की हालत खराब हो जाती है। अमित जी के एनर्जी लेबल का कोई जवाब नहीं।
सत्तर की उम्र में भी वे इतने चुस्त दुरुस्त और उत्साह से भरे नजर आते हैं कि युवा भी उनके सामने पानी भरें। सोनू आगे बताते हैं, 'जब उन्हें चैनल की ओर से यह प्रस्ताव मिला कि उन्हें बिग बी को नए अंदाज में दर्शकों के सामने इंट्रोड्यूज करना है, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था।
आखिर करोड़ों लोगों की तरह ही वे भी तो बच्चन साहब के बहुत बड़े फैन हैं। वे भी बिग बी की फिल्में देखते हुए बड़े हुए हैं। चूंकि खुद अमिताभ बच्चन का प्यार उन्हें मिलता रहा है, इसलिए वे भयभीत कतई नहीं थे।
सोनू प्रफुल्लित होकर कहते हैं, 'मेरे लिए यह एक यादगार क्षण था। सच तो यही है कि ऐसे मौके जिंदगी में बहुत कम मिलते हैं।