भारतीय सिनेमा के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ब्रिटेन में कराए गए एक सर्वेक्षण में अमिताभ बच्चन को बॉलीवुड का महानतम स्टार बताया गया है। लोकप्रियता की इस सूची में दिलीप कुमार दूसरे और शाहरुख खान तीसरे नंबर पर आए हैं।
ब्रिटिश एशियाई साप्ताहिक समाचारपत्र ‘ईस्टर्न आई’ में प्रकाशित सर्वेक्षण ‘बॉलीवुड के 100 महानतम स्टार’ की सूची में प्रशंसकों और फिल्म जगत के लोगों ने सबसे ज्यादा वोट अमिताभ के पक्ष में दिए हैं।
अमिताभ को यह लोकप्रियता उनकी कई हिट फिल्मों के अलावा उन्हें द्वारा होस्ट किए गए चर्चित टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की वजह से मिली है। एक चरित्र अभिनेता के रूप में अमिताभ बच्चन की दूसरी फिल्मी पारी भी हिट रही है।
इस सूची में दूसरे नंबर पर दिलीप कुमार रहे हैं। इसके बाद तीसरा नंबर रोमांस किंग के नाम से मशहूर शाहरुख खान का रहा है। अभिनेत्रियों में पहला और सूची में चौथा स्थान माधुरी दीक्षित को मिला।
पांचवे स्थान पर रहे शोमैन राज कपूर रहे हैं। इसके बाद कि लोकप्रियता सूची में क्रमश: नर्गिस, देवानंद, वहीदा रहमान, राजेश खन्ना और श्रीदेवी का नंबर आया।