1996 में बनी थी यह कंपनी
एबीसीएल यानी अमिताभ बच्चन कॉर्पोरेशन लिमिटेड, वह कंपनी, जिसकी नींव साल 1996 में रखी गई थी। इस कंपनी को अस्तित्व में लाने वाले बिग बी का यह पहला कॉर्पोरेट वेंचर था। अमिताभ का सपना था कि साल 2000 तक इस कंपनी का रेवेन्यू 1000 करोड़ तक पहुंचाया जाए। हालांकि, उनके कई फैसले गलत साबित हुए, जिसके चलते यह कंपनी डूब गई और बिग बी दिवालिया घोषित कर दिए गए।
60 करोड़ रुपये से खड़ी की गई थी यह कंपनी
बता दें कि बिग बी ने 60.52 करोड़ रुपये खर्च करके एबीसीएल खड़ी की थी। उनका सपना था कि इसकी मदद से अलग-अलग तरह के सिनेमा को मंच दिया जाए। इस कंपनी ने पहले साल में 15 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। हालांकि, सही शुरुआत के बावजूद इस कंपनी के कई प्रोजेक्ट लगातार असफल रहे। इसकी वजह से यह कंपनी 70.82 करोड़ रुपये के घाटे में आ गई।
इन प्रोजेक्ट्स की वजह से डूबी एबीसीएल
अब हम आपको उन पांच प्रोजेक्ट्स से रूबरू करा रहे हैं, जिन्होंने एबीसीएल को तगड़ा नुकसान पहुंचाया। यही वजह रही कि अमिताभ बच्चन दिवालिया घोषित हो गए और उनके दरवाजे पर लेनदारों की लाइनें लगने लगीं। 2013 के दौरान एक इंटरव्यू में अमिताभ बच्चन ने उस दौर का जिक्र किया था और आपबीती सुनाई थी।
1. मिस वर्ल्ड शो: एबीसीएल ने बेंगलुरु में गाला मिस वर्ल्ड शो का आयोजन किया था। इसी शो की वजह से कंपनी आर्थिक संकट में फंस गई। हालात उस वक्त ज्यादा बिगड़ गए, जब कंपनी अपने कर्मचारियों और इस शो में शामिल लोगों को उनका पैसा नहीं दे पाई। इसके अलावा यह शो उतनी चर्चा हासिल नहीं कर सका, जितनी उससे उम्मीद थी।
2. मृत्युदाता: एबीसीएल के बैनर तले बनी अमिताभ बच्चन की फिल्म मृत्युदाता बुरी तरह फ्लॉप रही। इसकी वजह से भी कंपनी को काफी ज्यादा नुकसान झेलना पड़ा।
3. सात रंग के सपने: तमाम दिग्गज सितारों और प्रियदर्शन की मौजूदगी के बावजूद यह फिल्म उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई। इसकी वजह से कंपनी का आर्थिक संकट और ज्यादा बढ़ गया।
4. एबी बेबी, द म्यूजिक एल्बम: यह एब्लम दर्शकों की पसंद के साथ तालमेल बैठाने में कामयाब नहीं रहा। इसकी वजह से यह प्रोजेक्ट अपनी लागत के हिसाब से कमाई नहीं कर पाई।
5. नाम क्या है: लगातार चार बड़े प्रोजेक्ट फेल होने के बाद कंपनी ने 'नाम क्या है' फिल्म में पैसा लगाया। इस फिल्म में मुख्य किरदार मुकुल देव ने निभाया था। यह फिल्म कभी रिलीज नहीं हो पाई और एबीसीएल के ताबूत में आखिरी कील साबित हुई।
खराब दौर से ऐसे उबरे बिग बी
अमिताभ बच्चन ने अपने उस दौर का जिक्र खुद किया था। उन्होंने बताया था कि उस दौर से उबरने के लिए उन्होंने अपनी हर कोशिश की। बिग बी यश चोपड़ा के पास गए और बताया कि उन्हें एक प्रोजेक्ट की सख्त जरूरत है। यश चोपड़ा उस वक्त 'मोहब्बतें' पर काम कर रहे थे। उन्होंने अमिताभ को अहम रोल देने का फैसला किया, जो बिग बी के करियर और बॉलीवुड के इतिहास का सबसे आइकॉनिक रोल साबित हुआ।