हालिया रिलीज फिल्म 'रेस 2' के 100 करोड़ क्लब में एंट्री लेने के बाद अमीषा पटेल आत्मविश्वास से भर चुकी हैं। अब उन्हें भरोसा हो चुका है कि उनके बुरे दिन बीत गए हैं और शुभ दिनों की शुरूआत हो गयी है।
इस समय अमीषा के हाथ में तीन फिल्में 'शॉर्टकट रोमियो', 'भैयाजी सुपरहिट' और 'देसी मैजिक' हैं। इन फिल्मों में 'शॉर्टकट रोमियो' सबसे पहले जून में रिलीज होगी। इस फिल्म में उनकी जोड़ी नील नितिन मुकेश के साथ बनाई गई है। 'भैया जी' सुपरहिट में उनकी सुपर हिट फिल्म 'गदर' के हीरो सनी देओल हैं। खबर मिली है कि अमीषा एक तेलुगु फिल्म में भी काम करने पर विचार कर रही हैं।
'कहो न प्यार है' और 'गदर' जैसी ब्लॉक बस्टर फिल्में देने के बावजूद अमीषा के पास बॉलीवुड के ज्यादा ऑफर नहीं आए, तो उन्होंने तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री की ओर रुख कर लिया था। तेलुगु में उन्होंने महेश बाबू और जूनियर एनटीआर जैसे सुपरस्टार्स के साथ काम किया और वे जल्द ही साउथ की सबसे महंगी हीरोइनों में गिनी जाने लगी।
खैर, अब 'रेस 2' जैसी सफल फिल्म के साथ अपना नाम जुड़ने से अमीषा को भरोसा हो गया है कि उन्हें हिंदी फिल्मों में दूसरी पारी खेलने का मौका जरूर मिलेगा। बॉलीवुड में उनके शुभचिंतकों की भी कोई कमी नहीं है। वैसे भी उन्होंने अपने प्रोडक्शन हाउस की शुरूआत कर ही दी है।