'ऑल स्टार्स फुटबॉल क्लब' ने अगले आदेश तक अपने साप्ताहिक रविवार अभ्यास सत्रों को स्थगित कर दिया है। क्लब ने यह कदम जुहू में एक फुटबॉल मैदान के बाहर अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की घटना के बाद उठाया है। इस फैसले की पुष्टि करते हुए क्लब के संस्थापक और फिल्म निर्माता बंटी वालिया ने बताया कि भविष्य की सभी खेल गतिविधियों को रोक दिया गया है, ताकि कार्यक्रमों को फिर से शुरू करने से पहले सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा सकें।
क्या बोले क्लब के संस्थापक?
न्यूज 18 से बातचीत में बंटी वालिया ने इस एहतियाती कदम की पुष्टि की। उन्होंने कहा, 'हां फिलहाल के लिए जब तक हम सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू नहीं कर लेते तब तक के लिए ऐसा किया गया है।' उन्होंने बताया कि अभ्यास फिर से शुरू करने से पहले, प्रबंधन जरूरी सुरक्षा उपाय तय करने के लिए अधिकारियों से सलाह लेगा।
टाइगर श्रॉफ
- फोटो : इंस्टाग्राम@teamtigershroff
क्लब में शामिल हैं ये कलाकार
अभिनेता पर हमले के तुरंत बाद 25 अक्तूबर को होने वाला अभ्यास सत्र रद्द कर दिया गया था। इस घटना ने वहां आने वाली हिंदी फिल्म जगत की मशहूर हस्तियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। इस चर्चित सेलिब्रिटी फुटबॉल क्लब में अक्सर रणबीर कपूर, अभिषेक बच्चन और कार्तिक आर्यन जैसे बड़े सितारे शामिल होते हैं।
कब हुई गोलीबारी की घटना?
- बता दें कि टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना 18 अक्तूबर को मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा पार्क के पास हुई।
- टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल मैच के लिए मैदान पर गए थे और वापस लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने वहां मौजूद भीड़ के पास गोलीबारी कर दी।
- इस दौरान एक ऑटो-रिक्शा चालक घायल हो गया।
- घटना के एक दिन बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान के कोटा से तीन अज्ञात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
टाइगर श्रॉफ
- फोटो : इंस्टाग्राम@teamtigershroff
रणबीर कपूर के घर की हुई रेकी
- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ी इस साजिश की जांच चब आगे बढ़ी, तो पता चला कि आरोपियों ने रणबीर कपूर के बांद्रा स्थित घर की भी रेकी (निगरानी) की थी।
- इसके बाद उनका ध्यान टाइगर श्रॉफ की ओर गया।
- माना जा रहा है कि उन्होंने 'बागी 4' अभिनेता को एक आसान निशाना समझा क्योंकि वह सार्वजनिक जगहों पर बहुत कम सुरक्षा के साथ आते-जाते हैं।