पिछले ही महीने बेटी राहा का स्वागत करने वाली आलिया भट्ट ने बेटी के जन्म के बाद अपना पूरा ध्यान बेटी की देखरेख में लगा दिया था। रणबीर और आलिया दोनों ही मिलकर अपने पैरेंटहुड को एंजॉय कर रहे हैं। हाल ही में, आलिया ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें उन्होंने नई मां बनी सभी महिलाओं को प्रेरणा दी।
आलिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें वह रस्सी पर उलटी लटककर एरियल योगा करती हुई नजर आईं। इस पोस्ट के कैप्शन में आलिया ने लिखा, 'डेढ़ महीने बाद धीरे-धीरे अपने कोर के साथ एक बार फिर संबंध बनाने की कोशिश कर रही हूं। अपनी योग गुरु अंशुका की ट्रेनिंग की वजह से मैं यह कर पाई। मैं आज इस बेहद चैलेंज को करने में कामयाब हुई। सभी न्यू मॉम के लिए मेरा एक संदेश है कि कोई भी ऐसा काम न करें, जिसकी इजाजत आपका शरीर न दे।'
अभिनेत्री ने आगे कहा, 'वर्कआउट के दौरान पहले और दूसरे सप्ताह में मैंने केवल सांस लेने के अलावा स्थिरता और संतुलन बनाना सीखा। अपना समय लें। आपके शरीर ने जो किया है, उसकी सराहना करें। इस साल मेरे शरीर ने जो किया, उसके बाद मैंने फिर कभी खुद पर सख्त न होने का संकल्प लिया। हमारे शरीर ने हमें जो दिया है, उसके लिए हम कम से कम इतना तो कर ही सकते हैं।'
आलिया के वर्कआउट का वीडियो सेलिब्रिटी फिटनेस ट्रेनर अंशुका के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर साझा किया गया। वीडियो में आलिया बेहद आराम से एरियल योगा करते हुए नजर आईं। इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, 'आलिया भट्ट ने अपनी पहली एरियल एक्सरसाइज की। केवल शाहीन भट्ट ही जानती हैं कि आलिया को ट्रेन करते वक्त मुझे कितना आनंद मिला।'