आलिया भट्ट बॉलीवुड में अब एक खास मुकाम बनाती जा रही हैं। 'स्टूडेंट ऑफ ईयर' से बॉलीवुड में कदम रखने वाली आलिया की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर लगातार हिट हो रही हैं।
ऐसे में आलिया की लोकप्रियता भी बढ़ती जा रही है। इसके अलावा आलिया फिल्मों में गाने भी गा रही हैं। हंप्टी शर्मा की दुल्हनिया फिल्म में उनका गाया गाना 'मैं तैनू समझां वां' हिट साबित हुआ।
तो ए आर रहमान के संगीत में हाईवे में भी उन्होंने गाना गया। जिसने उनकी गायकी प्रतिभा को भी साबित किया। आलिया के बाद अब उनके पिता महेश भट्ट के गायकी में ऐसे ही जलवे आपको देखने को मिलेंगे। क्योंकि महेश भी एक फिल्म में गाना गाने जा रहे हैं। डैडी के इस कदम से बेटी आलिया फूली नहीं समा रही हैं।
ट्वीटर पर जाहिर की खुशी
कहावत है जैसा बाप, वैसा बेटा। यह कहावत बॉलीवुड में अभिनेत्री आलिया भट्ट और उनके फिल्मकार डैडी महेश भट्ट पर एकदम सटीक बैठती है।
आलिया के गायकी में हाथ आजमाने के बाद अब डैडी भी इस मैदान में उतर आए हैं। आलिया डैडी के इस कदम से खुश हैं। उन्होंने ट्वीटर पर अपनी खुशी भी जाहिर की है।
'मिस्टर एक्स' के लिए महेश ने दी आवाज
महेश भट्ट ने एक बयान में कहा, "संगीत मेरा अभिन्न अंग है। मैं जब भी एक गीत रिकॉर्ड करता हूं, तो पहले इसे खुद गाता हूं। मैं 'मिस्टर एक्स' फिल्म के लिए भी यही कर रहा था, उस वक्त संगीतकार जीत की आंखें उस बच्चे की तरह चमक उठी, जिसे कोई अनोखा तोहफा मिल गया हो।
उन्होंने कहा, "तुम इसे गाने वाले हो। मेरे पास न कहने की कोई वजह नहीं थी। शायद गाना मेरे लिए ही बना था।"इससे खुश आलिया ने ट्विटर पर अपनी खुशी बांटी। आलिया ने ट्विटर पर लिखा, "परिवार में यह चलता है।"
विशेष फिल्म्स निर्मित और फॉक्स स्टार स्टूडियोज की पेशकश 'मिस्टर एक्स' 17 अप्रैल को 2डी और 3डी में रिलीज होगी।