नशे की हालत में फुटपाथ पर पड़े मिले महेश भट्ट
पर्स भी हो गई थी चोरी
महेश भट्ट ने वाक्ये पर गौर फरमाते हुए विस्तार से कहा,'एक दिन मैं उठा और खुद को जुहू विले पार्ले स्कीम के फुटपाथ पर सोया हुआ पाया। मुझे याद है कि मेरा चेहरा कंक्रीट पर था और भोर अभी-अभी फूट रही थी। मुझे एहसास हुआ कि मैं किसी पार्टी के लिए गया था और मैं सड़क पर गिर गया था और वहीं सो गया था और कोई मेरा पर्स भी ले गया था। क्योंकि जब कोई नशे में सड़क पर पड़ा होता है तो आप उसका पर्स ले जाते हैं।'
पत्नी सोनी राजदान को सताने लगी थी चिंता
महेश भट्ट ने आगे बताया कि वह किसी तरह घर पहुंचे और ये बात पत्नी सोनी राजदान को बताई। ये सुन सोनी ने उनसे पूछा,'तुम्हें क्या हुआ है?' इसपर महेश ने कहा, 'पता नहीं, मैं शराबी हो गया हूं।' ये सुनकर सोनी राजदान काफी चिंतित हुई थीं।
महेश भट्ट ने 36 साल से नहीं लगाई शराब को हाथ
फिल्म निर्माता ने इसके बाद अपनी शराब छूटने के किस्से को भी बयां किया। भट्ट ने कहा कि चमत्कार उस वक्त हुआ जब सोनी के साथ उनकी पहली बेटी शाहीन भट्ट का जन्म हुआ। निर्देशक ने याद किया कि जब वे अस्पताल आए, तो उन्होंने बच्ची को गोद में लिया और उसे चूमने की कोशिश की। हालांकि भट्ट को उस दौरान एहसास हुआ कि बच्ची ने अपना चेहरा हटा लिया। इसी दौरान महेश भट्ट ने मसूसस किया कि वह शराब की बदबू को सहन नहीं कर सकती थी। महेश ने साफ किया कि उसके बाद 36 साल बीत गए और आज तक उन्होंने शराब कभी हाथ नहीं लगाई।