'शानदार' फिल्म से एक साल बाद बॉलीवुड में वापसी कर रही आलिया भट्ट मानती हैं कि उन्हें खबरों में बने रहना पसंद है। आलिया कहती हैं, 'अगर कुछ दिनों तक मेरी लिंकअप की खबरें ना आए तो मुझे चिंता होने लगती हैं।'
बात को सुलझाते हुए आलिया आगे कहती हैं, 'अगर मेरे बारे में खबरे नहीं आ रहीं हैं तो इसका मतलब यह है कि कोई मेरे बारे में बात नहीं करना चाहता, और इस बात से मुझे काफी बुरा लगता हैं।'
आलिया का मानना हैं कि वो अफवाहों, लिंक अप और आलोचना वाली इन खबरों से हताश नहीं होती बल्कि चाहती हैं कि लोग उन पर बात करना कभी बंद ना करें।
'किसी के साथ नाम ना जुडे तो हैरानी होगी'
'स्टूडेंट ऑफ द ईयर', 'हाइवे', '2 स्टेट्स' और 'हंप्टी शर्मा की दुल्हनिया' जैसी फिल्मों में अपना नाम कमा चुकी आलिया भट्ट की लगभग अपने हर सह कलाकार के साथ लिंकअप की खबरें आ चुकी हैं।
आलिया इस बात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहती हैं, 'मुझे मेरे सह-कलाकरों के साथ उड रही लिंकअप की खबरों से कभी बुरा नहीं लगता, वे सब मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं।' आलिया हंसते हुए आगे कहती हैं, 'हैरानी तो मुझे तब होगी जब मेरा नाम किसी भी सह कलाकार के साथ नहीं जुडेगा।'
19 वर्ष की आयु में बॉलीवुड में कदम रखने वाली आलिया भट्ट इस कहती हैं, 'मेरी पढाई तो फिल्में ही हैं, मैंने जो कुछ भी सीखा है फिल्मों में काम करके ही सीखा है और मैं इसमें ही खुश हूं।'
'मेरे पिता आजाद ख्याल इंसान हैं'
आलिया कहती हैं, 'मेरे पिताजी ने भी मेरा इस बात में बहुत साथ निभाया है, मैंने उनके जैसा आजाद ख्यालों वाला इंसान आज तक नहीं देखा।'
आलिया की इस महीने 'शानदार' रिलीज हो रही है। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म 'शानदार' काफी बडे़ बजट की फिल्म है। इस फिल्म में आलिया भट्ट के साथ शाहिद कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
वहीं साल 2014 में सुपर हिट फिल्म 'क्वीन' का निर्देशन कर चुके विकास बहल ने ही फिल्म 'शानदार' का भी निर्देशन किया है।