पिछले कई सालों से लगातार ईद में बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान की फिल्में ही रिलीज होती आ रही थी। 'वांटेड' के बाद ये सिलसिला लगातार जारी है। सलमान के लिए ईद हमेशा लकी रहा है। लेकिन अब खबर है कि अगले साल यह परंपरा टूट रही है।
अगले साल सलमान की बजाय अक्षय कुमार दर्शकों को ईद मुबारक बोलेंगे, यानी 2013 की ईद में अक्षय के फिल्म 'वन्स अपॉन अ टाईम इन मुंबई पार्ट 2' रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में अक्षय, सोनाक्षी, इमरान खान मुख्य भूमिका में हैं। मिलन लुथरिया निर्देशक हैं और उन्होंने अपनी इस फिल्म की रिलीज डेट को ब्लॉक भी कर लिया है।
इस बात से खुद अक्षय भी बेहद खुश हैं कि उन्हें पहली बार ईद के मौके पे दर्शकों से मिलने का मौका मिलेगा। अगर अक्षय की यह फिल्म हिट हो जाती है तो सलमान के साथ अक्षय के लिए भी ईद लकी साबित होगा।
मिलन ने बताया कि इस फिल्म में भी मुख्य किरदारों में सभी मुस्लिम किरदार हैं और म्यूजिक में भी सूफियाना रंग है तो निश्चित तौर पे यह फिल्म ईद के मौके पे धमाल करेगी।