अक्षय कुमार को 64वें नेशनल अवॉर्ड में सिर्फ फिल्म 'रुस्तम' के लिए ही नहीं, बल्कि 'एयरलिफ्ट' के लिए भी बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला है। ये जानकारी नेशनल अवॉर्ड ज्यूरी के चेयरपर्सन प्रियदर्शन ने दी है।
प्रियदर्शन ने साफ किया है कि अक्षय को पिछले साल आई उनकी फिल्म 'एयरलिफ्ट' और 'रुस्तम', दोनों के लिए ये राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। उन्होंने कहा, 'तकनीकी कारणों से लिस्ट में केवल 'रुस्तम' दिखाई दे रही है लेकिन उन्होंने दोनों ही फिल्मों में शानदार अभिनय किया है। इसलिए उन्हें दोनों फिल्मों के लिए ये अवॉर्ड दिया गया है।'
अक्षय की पिछले साल आई फिल्में 'एयरलिफ्ट' और 'रुस्तम', दोनों ने बॉक्स आफिस पर अच्छी कमाई की थी लेकिन चर्चित फिल्म पुरस्कारों में ये 'दंगल', 'कपूर एंड संस', 'उड़ता पंजाब' और 'नीरजा' जैसी फिल्मों से पिछड़ गई थी। अक्षय के नेशनल अवॉर्ड जीतने पर एक तरफ जहां उनके फैंस खुश हैं वहीं कुछ लोगों को आपत्ति है कि उन्हें ये अवॉर्ड कैसे मिल गया। सोशल मीडिया पर इसकी जमकर आलोचना हो रही है।