अक्षय कुमार की चर्चित फिल्म रिलीज होने के साथ ही पाकिस्तान में बैन हो गई है। हालांकि फिल्म को लेकर अक्षय कुमार ने बयान दिया था कि यह फिल्म पाकिस्तान के खिलाफ नहीं है बल्कि फिल्म आतंकवाद के विषय पर बनी है।
फिल्म 'बेबी' में एक खूंखार आतंकी को पकड़ने के मिशन पर निकले एक भारतीय जासूस की कहानी को पेश किया गया है। लेकिन इस फिल्म को पाकिस्तान में प्रदर्शित नहीं किया जाएगा क्योंकि वहां के सेंसर बोर्ड ने इसके प्रदर्शन की अनुमति देने से इंकार कर दिया है।
पाकिस्तान के अख़बार द डॉन के अनुसार 'इस्लामाबाद और कराची के सेंसर बोर्ड ने फिल्म पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है क्योंकि यह मुस्लिमों की नकारात्मक छवि पेश करती है और फिल्म के नकारात्मक किरदारों के नाम भी मुस्लिम ही हैं।'
फिल्म की सीडी और डीवीडी पर भी प्रतिबंध
फिल्म की सभी सीडी और डीवीडी को भी इस्लामाबाद में प्रतिबंधित कर दिया गया है। फिल्म के वितरक एर्वेड्डी पिक्चर्स के एक प्रतिनिधि ने अखबार को बताया कि फिल्म को पाकिस्तान में प्रतिबंधित कर दिया गया है।
अक्षय कुमार की इस फिल्म को 23 जनवरी को पाकिस्तान में प्रदर्शित होना था। लेकिन प्रतिबंध को देखते हुए कराची के सिनेमाघरों ने अपनी वेबसाइटों से इसे हटा लिया है।
फिल्म में पाकिस्तानी कलाकारों ने भी किया है काम
फिल्म 'बेबी' में पाकिस्तानी टीवी कलाकार मिकाल जुल्फीकार और रशीद नाज़ ने अभिनय किया है। रशीद शोएब मंसूर की फिल्म ‘खुदा के लिए’ में खलनायक धर्मगुरू की भूमिका निभा चुके हैं। पहले फिल्म के निर्देशक नीरज पांडे के हवाले से भी कहा गया था कि फिल्म ‘पाकिस्तान-विरोधी’ नहीं है।
पाकिस्तानी फिल्म बोर्ड नियमित रूप से उन फिल्मों पर प्रतिबंध लगा देता है, जिनकी विषयवस्तु ‘पाकिस्तान-विरोधी’ होती है। पहले वहां का सेंसर बोर्ड ‘एक था टाइगर’ पर भी प्रतिबंध लगा चुका है जिसमें इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के एक एजेंट को दिखाया गया था।