अक्षय कुमार, कटरीना कैफ, अजय देवगन और रणवीर सिंह जैसे सितारों से सजी फिल्म सूर्यवंशी को आज रिलीज हुए एक साल पूरा हो चुका है। इस मौके पर धर्मा प्रोडक्शन ने फिल्म के शानदार सीन का एक वीडियो साझा किया है।
अभिनेता अक्षय कुमार, कटरीना कैफ की मुख्य भूमिका वाली एक्शन थ्रिलर फिल्म 'सूर्यवंशी' को आज एक साल पूरा हो गया है। इस खास मौके को निर्माता हाउस धर्मा प्रोडक्शन ने सेलिब्रेट किया है और ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल से फिल्म का एक पावर पैक वीडियो साझा किया है। जिसमें अक्षय कुमार से लेकर कटरीना कैफ, रणवीर सिंह और अक्षय कुमार नजर आ रहे हैं। सभी कलाकारों को जबरदस्त एक्शन मोड में देखा जा सकता है।
सूर्यवंशी के एक साल पूरा होने का जश्न
धर्मा प्रोडक्शन की तरफ से साझा किए गए वीडियो में फिल्म के कुछ शानदार पावर पैक सीन्स को शामिल किया गया है। इस वीडियो को शेयर करते हुए धर्मा प्रोडक्शन की तरफ से कैप्शन में लिखा गया- "एक साल हो गया है, जब पुलिस यूनिवर्स ने आपसे सिनेमाघरों में सीटी बजवाई और हूट किया। सूर्यवंशी का एक साल का जश्न!"इस वीडियो पर यूजर्स फायर इमोटिकॉन्स के साथ प्रतिक्रिया देते दिखाई दे रहे हैं।
फिल्म सूर्यवंशी ने बॉक्स ऑफिस पर जमा दी थी धाक
रोहित शेट्टी द्वारा निर्देशित इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ दिए थे। साल 2021 में यह अक्षय कुमार की आखिरी सफल फिल्म थी, इसके बाद से साल 2022 में अब तक रिलीज हुई खिलाड़ी कुमार की अब तक की सभी फिल्में फ्लॉप रही हैं। मौजूदा समय में 'राम सेतु' सिनेमाघरों में है और यह फिल्म भी कोई कमाल नहीं दिखा पा रही है।