अक्षय कुमार अपनी हिट फिल्म 'ओह माय गॉड' की सीक्वल फिल्म बनाना चाहते हैं, लेकिन दिक्कत यह है कि उन्हें निर्देशक नहीं मिल रहा है। जी नहीं, फिल्म ओह माय गॉड के निर्देशक उमेश शुक्ला के साथ उनका कोई पंगा नहीं हुआ है।
मामला यह है कि इन दिनों उमेश टी सिरीज के साथ व्यस्त हो चुके हैं। उन्हें पांच साल तक टी सीरीज की फिल्मों से फुरसत नहीं मिलने वाली है। दरअसल उमेश ने टी सीरीज के साथ पांच फिल्मों के निर्देशन की एक डील साइन की है।
वे निर्माता भूषण कुमार के लिए अभिषेक बच्चन और असिन के साथ जल्द ही एक फिल्म शुरू करनेवाले हैं। हालांकि अक्की का कहना है कि उनके बैनर तले बनने वाली कई फिल्मों की प्लानिंग चल रही है।
'ओएमजी' के सीक्वल के लिए सही निर्देशक न मिलने की स्थिति में अब वे दूसरी फिल्मों पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। मनचाहा निर्देशक मिलने पर अक्षय फौरन फिल्म पर काम शुरू कर देंगे।