ऐश्वर्या राय बच्चन की बहुचर्चित फिल्म 'फन्ने खां' इन दिनों काफी चर्चा में है। फिल्म में उनके साथ एक्टर अनिल कपूर और राजकुमार राव भी मुख्य भूमिका में हैं। बीते दिनों फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ था। ट्रेलर को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। इसके बाद ऐश्वर्या के फैंस इस फिल्म में उनके गाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। वहीं फैंस के बेताबी को देखने हुए 'फन्ने खां' के मेकर्स ने फिल्म में ऐश्वर्या के गाने को रिलीज कर दिया है। जो सोशल मीडिया पर काफी धमाल मचा रहा है।
जी हां 'फन्ने खां' का 'मोहब्बत' गाना बुधवार को रिलीज हो गया है। इस गाने में ऐश्वर्या के डांस और उनके ग्लैमरस अंदाज को देखकर उनके फैंस भी हैरान है। शायद यही वजह है जो 24 घंटे के अंदर इस गाने को यूट्यूब पर 8 लाख 70 हजार से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है। गाने में ऐश्वर्या का डांस भी कई लोगों को दीवाना बना देगा। बात करें 'मोहब्बत' गाने कि तो इस गाने को सुनिधि चौहान ने अपनी खूबसूरत आवाज में गाया है। जबकि गाने के बोल अमिताभ भट्टचार्या ने लिखे हैं।
आपको बता दें कि फिल्म 'फन्ने खां' एक म्यूजिकल ड्रामा है। ट्रेलर देख कर भी यह अंदाजा लगा सकते हैं कि यह अनिल कपूर की फिल्म है और वही इस फिल्म के प्रोटैग्निस्ट हैं, न कि ऐश्वर्या राय। फिल्म में अनिल कपूर ने ऐसे पिता का रोल किया है जो पैसों की तंगी की वजह से गायक बनने का अपना सपना पूरा ना कर सका। वह अपनी बेटी को सुपरस्टार बनाना चाहता है जिसके लिए वह ऐश्वर्या को अगवा करता है।बता दें कि यह डच फिल्म 'एव्रीबडीज फेमस' की रीमेक है।
वहीं फिल्म में राजकुमार राव अनिल कपूर के दोस्त की भूमिका में दिखाई देंगे। 'फन्ने खां' का निर्देशन अतुल मांजरेकर ने किया है। वहीं, राकेश ओम प्रकाश मेहरा ने फिल्म प्रोड्यूज की है। यह फिल्म 3 अगस्त को रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला इरफान खान की फिल्म 'कारवां' और ऋषि कपूर की फिल्म 'मुल्क' से होगा।