अनिल कपूर, ऐश्वर्या राय बच्चन और राजकुमार राव की फिल्म 'फन्ने खां' का नया पोस्टर जारी हो गया है। ‘फन्ने खां’ के इस नए पोस्टर में अनिल कपूर सुपरस्टार रजनीकांत का मुखौटा लगाए नजर आ रह हैं तो ऐश के चहरे के हाव-भाव देखकर ऐसा लगता है कि वो अनिल कपूर के इस लुक से दंग हैं। राजकुमार राव भी पोस्टर पर हैं, जो एक कपड़े से अपना आधा मुंह छुपाये हुए हैं।
हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था और कल फिल्म का ट्रेलर रिलीज होगा। इससे पहले फिल्म का पहला पोस्टर रिलीज किया गया था। पोस्टर में अनिल कपूर हाथों में टिफिन, ट्रम्पेट और कंधे पर बैग लटकाए नजर आ रहे थे। फिल्म 'फन्ने खां' 3 अगस्त को रिलीज होगी।
बता दें कि 'फन्ने खां' एक म्यूजिकल ड्रामा फिल्म है जिसका निर्माण राकेश ओम प्रकाश मेहरा कर रहे हैं। फिल्म की कहानी एक ऐसे पिता के इर्द-गिर्द घूमती है जिसमें वह अपनी बेटी को कंप्टीशन में जिताने के लिए फेमस गायकों की किडनैपिंग करने लगता है।
यह डच फिल्म 'एव्रीबडीज फेमस' की रीमेक है। फिल्म अतुल मांजरेकर द्वारा निर्देशित होगी। वहीं बात करें ऐश्वर्या राय बच्चन और अनिल कपूर की तो यह दोनों स्टार बड़े पर्दे पर लगभग दो दशक बाद साथ दिखेंगे। इससे पहले वह साल 2000 में 'हमारा दिल आपके पास है' और 1999 की हिट फिल्म 'ताल' में साथ नजर आ चुके हैं।