सार
Border 2 Actor Ahan Shetty Talk About Failures And Success: सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी जल्द ही ‘बॉर्डर 2’ से अपने करियर की नई शुरुआत करेंगे। हाल ही में उन्होंने ‘सैयारा’ फेम अहान पांडे से हो रहे अपने कंपैरिजन पर बात की। साथ ही सफलता और असफलता को लेकर बताई गई पिता सुनील शेट्टी की सीख का जिक्र किया। इस सीख ने अहान शेट्टी का नजरिया बदला था?
पिछले साल अहान पांडे ने मोहित सूरी की फिल्म ‘सैयारा’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रही। अहान पांडे एक चंकी पांडे के भतीजे और अनन्या पांडे के कजिन हैं। जल्द ही सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी भी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ से अपनी तकदीर दोबारा लिखेंगे। इससे पहले उन्होंने छह साल पहले एक फिल्म ‘तड़प’ की थी। हाल ही जब अहान शेट्टी का कंपैरिजन, अहान पांडे से हुआ तो उन्होंने इस बारे में अपना नजरिया बताया। साथ ही पिता सुनील शेट्टी की एक सलाह का भी जिक्र किया।
कंपैरिजन पर क्या बोले अहान शेट्टी?
बॉम्बे टाइम्स को दिए अपने इंटरव्यू में अहान शेट्टी कहते हैं, ‘आज लोग सिर्फ 2 से 3 मिनट की क्लिप देखकर ही रिएक्ट कर देते हैं। मैं जानता हूं कि मेरे और अहान पांडे के बीच कंपैरिजन हो रहा है। मैं अहान पांडे को जानता हूं। यह भी जानता हूं कि उसने फिल्म ‘सैयारा’ के लिए कितनी मेहनत की थी। हमारे बीच कोई रेस नहीं है। हम दोनों के अलग-अलग करियर हैं। हम दोनों एक-दूसरे की रेस्पेक्ट करते हैं। हम सब एक ही इंडस्ट्री का हिस्सा हैं लेकिन सोशल मीडिया के दौर में लोगों काे एक-दूसरे का सपोर्ट नहीं दिखता है।’
पिता सुनील शेट्टी ने सफलता और असफलता पर कही बड़ी बात
अहान शेट्टी की डेब्यू फिल्म ‘तड़प’ नहीं चली थी। इसके बाद वह किसी फिल्म में नजर नहीं आए। अब छह साल बाद ‘बॉर्डर 2’ का हिस्सा बने हैं। ऐसे में पिता की एक सीख को वह काफी अहमियत देते हैं। वह बताते हैं कि पिता और अभिनेता सुनील शेट्टी ने फिल्मी दुनिया की एक कड़वी सच्चाई उन्हें बताई। अहान शेट्टी कहते हैं, ‘पापा ने कहा था बाकी किसी फील्ड में जब आप गिरते हो तब आप दोबारा खड़े हो सकते हो। लेकिन जब आप फिल्मी दुनिया में गिरते हो, असफल होते हो तो तब दुनिया की नजर आपके ऊपर होती है। लोग आपको महसूस कराते हैं कि आप कुछ भी नहीं हो। लोगों को लगता है कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के हीरो नासमझ हैं। लेकिन यह सच नहीं है। हम भी स्मार्ट लोग हैं।’ अहान शेट्टी की फिल्म 'बॉर्डर 2' 23 जनवरी को रिलीज हो रही है।