सुधीर मिश्रा के निर्देशन में बनी फिल्म 'अफवाह' पांच मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। वहीं, अगर आप नवाजुद्दीन सिद्दीकी, भूमि पेडनेकर और सुमित व्यास स्टारर इस मूवी का लुत्फ थिएटर में नहीं उठा सके हैं। तो आपके पास इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देखने का सुनहरा अवसर है। आइए जान लेते हैं कि फिल्म को आप कब और कहां देख सकते हैं-
फिल्म 'अफवाह' अपनी रिलीज के करीब दो महीने बाद 30 जून से ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। नेटफ्लिक्स ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए इसकी जानकारी दी है। पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, 'वे कहते हैं, अफवाह सबसे अच्छी तरह से बढ़ती हैं। अंधेरा और यह जंगल की आग की तरह फैल रहा है। यह जानने के लिए देखें कि कैसे तीन जिंदगियां गॉसिप के जाल में फंस जाती हैं। अफवाह, अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।'
नवाजुद्दीन सिद्दीकी और भूमि पेडनेकर स्टारर यह फिल्म सीमित सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। कई सिनेप्रेमियों ने सोशल मीडिया पर इसकी शिकायत की थी कि उन्हें अपने नजदीकी थिएटर में इसके शो नहीं मिल पा रहे हैं। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा था,'यह गलत है। यदि आप सिनेमाघरों में रिलीज कर रहे हैं, तो आप इसे दर्शकों के लिए कर रहे हैं। इसे लोगों तक पहुंचना चाहिए। अब, क्या होगा कि फिल्म का कलेक्शन कम होगा, फिर लोग कहेंगे कि फिल्म नहीं चल रही है और इसका असर एक्टर्स पर भी पड़ता है। लोगों को कहीं भी शो नहीं मिल रहा।'
'अफवाह' ने अपनी सीमित रिलीज के कारण केवल 30 लाख रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था। मूवी का क्लैश 'द केरल स्टोरी' से हुआ था, जिसकी आंधी में यह पूरी तरह गायब हो गई थी। अब मेकर्स को इसकी ओटीटी स्ट्रीमिंग से काफी उम्मीदें हैं।