कोरोना संक्रमण काल के कमजोर पड़ने के साथ ही देश भर में मंगलवार को धूमधाम से मनाई गई। ईद पर यहां मुंबई में फिल्मी दीवानों को भी एक चांद नजर आ गया। दोपहर से ही खुले आसमान के नीचे मौसम का कहर झेल रहे हजारों लोगों की मन्नत देर शाम पूरी हुई। जब उनकी ‘ईद मुबारक’ का जवाब देने अभिनेता शाहरुख खान खुद अपने बंगले मन्नत के बाहर जुटे लोगों का दीदार करने आ गए।
शाहरुख खान आमतौर पर ईद के दिन अपने बंगले की चारदीवारी पर बनी लोहे की बालकनी पर आकर अपने प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार करते रहे हैं। लेकिन बीते दो साल से ये सिलसिला बंद था। इस साल शाहरुख को मिलने फिर हजारों लोग यहां जुटे। दोपहर से ही हल्ला गुल्ला मचना शुरू हो गया तो स्थानीय पुलिस ने भी यहां पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। दिन ढलने से कुछ ही देर पहले शाहरुख अपनी बालकनी में नमूदार हुए तो उनके प्रशंसकों ने शोर मचा मचाकर आसमान सिर पर उठा लिया।