सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को लेकर पिछले दो दिनों दो बेहद चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। पहले उन्होंने ट्वीट कर अपने ट्विटर अकाउंट के हैक होने की जानकारी दी, और यह भी बताया कि इससे अश्लील सामग्री जोड़ी जा रही है। अब उन्होंने मुंबई के जुहू इलाके के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर को पत्र लिखकर एक गंभीर मामले में शिकायत दर्ज कराई है।
अमिताभ बच्चन ने पत्र में लिखा है कि वह पिछले एक साल से शोषण का शिकार हो रहे हैं। 72 वर्षीय अभिनेता ने पुलिस इंस्पेक्टर से निवेदन किया है कि मामले की जांच कर अपराधियों को पकड़ा जाए। अमिताभ के मुताबिक साल भर से वह कुछ लोगों के कारण बेहद आहत हैं। वह कई दिनों से अपराधियों की हरकत को नजरअंदाज कर रहे थे।
उन्हें लग रहा था कि शायद कुछ दिनों बाद अपराधी अपनी हरकत से बाज आ जाएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आखिरकार परेशान होकर अमिताभ को पुलिस की शरण में जाना पड़ा है। इससे पहले उन्होंने सोमवार को अपने 44 हजार फॉलोवरों को ट्विटर अकाउंट हैक होने की जानकारी देकर चौंका दिया था।