बहुत सावधानी से फिल्में चुनने वाले आमिर खान के प्रशंसकों को शायद यह खबर निराश करे। परंतु सच यह है कि दिसंबर 2014 में रिलीज हो रही पीके के बाद 2015 में आमिर की कोई फिल्म सिनेमाघरों तक नहीं पहुंचेगी। आमिर ने पीके के बाद कोई फिल्म साइन नहीं की है। ऐसे में इस बात की संभावनाएं बहुत ही कम है कि उनकी कोई फिल्म अगले साल आए।
आमिर अगले साल कोई प्रोजेक्ट चुनते हैं तो यह हो सकता है कि 2016 में वे बॉक्स ऑफिस पर दस्तक दें। वहीं आमिर की तुलना में शाहरुख और सलमान खान 2015 और 2016 की अपनी फिल्मों पर काम शुरू कर चुके हैं।
आमिर के करीबियों को विश्वास है कि पीके इस तरह से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाएगी कि उसकी गूंज 2015-16 तक सुनाई देती रहेगी। वैसे आमिर टीवी पर अगले साल जरूर नजर आएंगे क्योंकि सत्यमेव जयते का नया सीजन समय से आ जाएगा।