अरिजीत सिंह ने अचानक प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के अपने फैसले से हर किसी को हैरान कर दिया। उनके फैंस के लिए तो ये किसी सदमे से कम नहीं है। लेकिन तमाम सेलेब्स, एक्टर-एक्ट्रेस और सिंगर व संगीतकार भी अरिजीत के इस फैसले से काफी आहत हैं। अब अभिनेत्री अदिति राव हैदरी ने भी अरिजीत सिंह के फैसले पर हैरानी जताई है। साथ ही उनका कहना है कि वो अब फिल्मों में अरिजीत के गानों को मिस करेंगी।
कलाकार हमेशा कलाकार रहता है
एएनआई के साथ बातचीत में अरिजीत के फैसले पर हैरानी जताते हुए अदिति राव हैदरी ने कहा कि हे भगवान! मुझे अरिजीत की आवाज बहुत ही पसंद है। मुझे उनकी बहुत याद आएगी। उनकी आवाज की बहुत याद आएगी। लेकिन आप जानते हैं, मेरा मानना है कि एक कलाकार हमेशा कलाकार रहता है। एक रचनाकार हमेशा रचनाकार रहता है और कुछ भी हो सकता है। लेकिन कुछ करने की शक्ति, इच्छाशक्ति, सपना, प्रेम हमेशा आपके भीतर रहता है। एक रचनाकार हमेशा सृजन करता रहेगा। इसलिए वह हमेशा गाते रहेंगे। चाहे वह जंगल में पक्षियों के लिए गा रहे हों या हमारे लिए गा रहे हों, आप जानते हैं, वह गा रहे हैं। वह कहीं न कहीं गा रहे हैं। मुझे लगता है कि यह खूबसूरत है। वह नया कुछ करेंगे और कुछ अविश्वसनीय करेंगे।
‘गांधी टॉक्स’ में भी अरिजीत ने गाया है गाना
अरिजीत ने हाल ही में अदिति राव हैदरी और विजय सेतुपति की हालिया रिलीज फिल्म 'गांधी टॉक्स' में भी गाना गाया है। उन्होंने फिल्म के गीत ‘सुनहरी किरणे’ में अपनी आवाज दी है। इसका संगीत संगीत ऑस्कर विनर संगीतकार एआर रहमान ने दिया है। इसके अलावा अरिजीत ने अदिति राव हैदरी की 2015 में आई फिल्म 'गुड्डू रंगीला' में भी ‘सूइयां’ गाना गाया है। इस रोमांटिक गाने में अरिजीत सिंह ने चिन्मयी श्रीपदा के साथ अपनी आवाज दी है।
यह खबर भी पढ़ेंः ‘क्रिएटिव फील्ड में काम के घंटे तय नहीं होते’, दीपिका के आठ घंटे काम की मांग पर सौरभ शुक्ला ने दी प्रतिक्रिया
‘गांधी टॉक्स’ में नजर आई हैं अदिति
वर्कफ्रंट की बात करें तो अदिति राव हैदरी विजय सेतुपति के साथ हालिया रिलीज फिल्म ‘गांधी टॉक्स’ में नजर आई हैं। यह एक साइलेंट फिल्म है। इसमें अरविंद स्वामी और सिद्धार्थ जाधव भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म का संगीत एआर रहमान ने दिया है।