भारतीय विज्ञापन क्षेत्र को एक अलग पहचान दिलाने वाले मशहूर एड फिल्मकार एलीक पदमसी का 90 साल की उम्र में निधन हो गया है। शनिवार को उन्होंने मुंबई में आखिरी सांस ली। एलीक पदमसी ने बॉलीवुड फिल्म 'गांधी' में मोहम्मद अली जिन्ना का किरदार कर लाखों दिलों को जीता था। एलीक को 'फादर ऑफ मॉडर्न इंडियन एडवरटाइजिंग' भी कहा जाता है। उन्होंने 'लिरिल', 'हमारा बजाज' और 'कामासूत्रा' जैसे ब्रैंड्स के लिए बेहतरीन विज्ञापन बनाए।
इन विज्ञापन से उन्हें भारत में अलग पहचान मिली। एलीक पदमसी ने देश की टॉप विज्ञापन कंपनी लिंटास की स्थापना भी की थी। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत विलियम शेक्सपियर के प्ले 'मर्चेंट ऑफ वेनिस' से की थी। अचानक से उनके निधन से विज्ञापन इंडस्ट्री में शोक की लहर है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से लेकर कई फिल्मी सितारों और विज्ञापन क्षेत्र के चर्चित लोगों ने एलीक को सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया - 'एलीक पदमसी के निधन की खबर से दुखी हूं। वह क्रिएटिविटी के गुरू, थियेटर से जुड़े हुए और विज्ञापन के क्षेत्र में काफी फेमस थे। मेरी सांत्वना उनके परिवार, दोस्तों और सह-कलाकारों के साथ है।'
फिल्म कलाकार अरशद वारसी ने एलीक के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया। अरशद वारसी ने लिखा - 'एलीक के निधन की खबर से आहत हूं। मुझे एक बार उनके साथ कोरियोग्राफी करने का मौका मिला था। मैं उनकी प्रतिभा और ईमाानदारी से काफी प्रभावित हूं। आप हमेशा याद किए जाएंगे। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।'