'कुबूल है', 'अधूरी कहानी हमारी' और 'इश्कबाज' जैसी धारावाहिकों में नजर आ चुकीं टेलीविजन अभिनेत्री आम्रपाली गुप्ता को मुंबई में एक फ्लाइट के दौरान बदतमीजी का सामना करना पड़ा है। आम्रपाली ने फ्लाइट के को-पैसेंजर पर बुरा व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
Amrapali Gupta
स्पॉटबॉय की एक खबर के अनुसार, आम्रपाली गुप्ता के साथ ये हरकत सोमवार सुबह हुई जब वह मुंबई से राजधानी अपने नए शो तुझसे है राबता की प्रमोशन के लिए दिल्ली आ रही थी। उनके साथ बैठा शख्स उन पर बार-बार झुक रहा था और उनको गलत तरीके से छूने की कोशिश कर रहा था। हालांकि जब आम्रपाली गुप्ता ने ऊंची आवाज में उसे डांटा तो एयर होस्टेस उनकी मदद के लिए तुरंत आ गईं।
Amrapali Gupta
आम्रपाली गुप्ता ने कहा- सुबह की फ्लाइट में मेरे साथ बैठा शख्स मुझे बार-बार छूने का प्रयास कर रहा था। पहले तो मैंने उसे इग्नोर किया, क्योंकि मुझे लगा कि उससे ऐसा गलती से हुआ होगा। मुझे लगा कि वह पहली बार प्लेन में बैठा होगा। लेकिन प्लेन उड़ने के बाद उसने अपनी तस्वीरें और वीडियो लेने शुरू कर दिए और ऐसा करते हुए वह बार-बार मुझ पर झुक रहा था। इसी बीच मुझे झपकी आ गई और जब नींद खुली तो देखा वो मेरी तस्वीरें ले रहा था और साथ ही उसका चेहरा मेरे फेस के बेहद करीब था। तब मेरा गुस्सा फूट गया और मैंने उसे डांट कर सीधे बैठने को कहा।
हालांकि ऐसा पहली बार नहीं है जब किसी सेलिब्रिटी के साथ फ्लाइट में इस तरह की बदतमीजी हुई हो इससे पहले एक्ट्रेस जायरा वसीम ने भी इसी तरह की शिकायत दर्ज कराई थी।