महिला ड्रग तस्कर की गिरफ्तारी से शुरू हुई जांच
2 अप्रैल को आबकारी विभाग ने आलप्पुझा के ओमानापुझा रिसॉर्ट से तसलीमा सुल्ताना उर्फ क्रिस्टीना और उनके एक साथी को गिरफ्तार किया था। इनके पास से तीन किलोग्राम हाइब्रिड गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत करीब सो से तीन करोड़ रुपये आंकी गई है। तसलीमा ने पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा किया कि वह फिल्म और पर्यटन उद्योग के लिए ड्रग्स की सप्लाई करती थी। उसने मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के कुछ बड़े नामों का भी जिक्र किया, जिसमें शाइन टॉम चाको और श्रीनाथ भासी शामिल थे।
डिजिटल सबूतों ने बढ़ाया मामला
तसलीमा के मोबाइल फोन से बरामद व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड ने जांच को नया मोड़ दिया। इन सबूतों में शाइन और श्रीनाथ के साथ उसकी बातचीत के प्रमाण मिले। हालांकि, अभी तक ड्रग्स लेनदेन का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है, लेकिन चैट में संदिग्ध बातें सामने आईं, जिसके आधार पर दोनों अभिनेताओं को समन जारी किया गया। तसलीमा ने यह भी दावा किया कि उसने दोनों अभिनेताओं के साथ ड्रग्स का इस्तेमाल किया था।
आबकारी कार्यालय पहुंचे अभिनेता
शाइन टॉम चाको हाल ही में डी-एडिक्शन सेंटर में इलाज करा रहे थे। वह सोमवार सुबह 7:30 बजे तय समय से ढाई घंटे पहले आबकारी कार्यालय पूछताछ के लिए पहुंचे। वहीं, श्रीनाथ भासी ने पहले इस मामले को बनावटी बताकर खारिज किया था, लेकिन वह भी जांच में शामिल हुए। दोनों अभिनेताओं का पहले भी ड्रग्स से जुड़े मामलों में नाम आ चुका है। शाइन को 2015 में कोकेन केस में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन सबूतों के अभाव में उन्हें बरी कर दिया गया। श्रीनाथ का नाम पिछले साल एक गैंगस्टर से जुड़े ड्रग्स केस में उछला था।
मॉडल और अन्य लोगों पर भी नजर
इस मामले में एक कोच्चि की मॉडल सौम्या को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा, आबकारी विभाग ने तीन अन्य लोगों को समन जारी किया है, जिनमें एक रियलिटी शो प्रतिभागी और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा एक व्यक्ति शामिल है। जांच अधिकारी डिजिटल फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से और सबूत जुटा रहे हैं।