फिल्म दंगल के लिए फोगट बहनों के गांव की खाक छानने वाले निर्देशक नितेश तिवारी ने अपनी अगली फिल्म छिछोरे की कहानी को भी हकीकत के करीब रखने की कोशिश की है। अपनी इस फिल्म में नितेश ने ऐसे तमाम किरदार बुने हैं, जिनसे उनका अपनी निजी जिंदगी में भी साबका पड़ा है। ऐसा ही एक किरदार है आईआईटी मुंबई के एक खिलाड़ी का किरदार, जिसे फिल्म छिछोरे में मशहूर अभिनेता ताहिर राज भसीन निभा रहे हैं।
कबीर खान के निर्देशन में क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत की पहली जीत पर बन रही फिल्म 83 में लिटिल मास्टर के नाम से मशहूर क्रिकेट खिलाड़ी सुनील गावस्कर की भूमिका निभा रहे ताहिर को फिल्म छिछोरे में भी एक खिलाड़ी का किरदार मिला है। इस किरदार की तैयारी के लिए नितेश ताहिर को अपने कैंपस भी खासतौर से ले गए। नितेश आईआईटी मुंबई के स्नातक हैं और ताहिर का किरदार उनके अपने एक सीनियर से प्रेरित बताया जाता है।
नितेश ने 1996 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बॉम्बे (आईआईटी-बी) से मेटलर्जी एंड मेटेरियल साइंस इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की है। फिल्म छिछोरे से जुड़े लोगों की मानें तो छिछोरे में ताहिर का किरदार नितेश के सीनियर डेरेक से प्रेरित है। डेरेक ने अपने खेल और अपने जोश से हमेशा अपने हॉस्टल और कॉलेज को तमाम प्रतियोगिताओं में जीत भी दिलाई।
इस संबंध में पूछने पर ताहिर कहते हैं, “यह सच है कि छिछोरे में मेरा किरदार नितेश के वास्तविक जीवन के सीनियर पर आधारित है। वह एक दिन मुझे आईआईटी मुंबई ले गए। वहां घूमने के दौरान ही मुझे इस किरदार की शख्सीयत का अंदाजा हुआ। डेरेक की शैली आज भी हॉस्टल के गलियारों में एक शहरी किंवदंती है।”