अभिषेक बच्चन एक अभिनेता के अलावा कबड्डी और फुटबॉल जैसे खेलों में टीमों के मालिक भी हैं। कबड्डी में उनके मालिकाना हक वाली टीम विजेता भी रह चुकी है। हालांकि, दो अलग-अलग खेलों में टीमें खरीदने वाले अभिषेक बच्चन ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से दूरी बनाए रखी है। जबकि आईपीएल में प्रीति जिंटा, शाहरुख खान, जूही चावला जैसे स्टार्स ने क्रिकेट टीमों में निवेश कर रखा है। हाल ही में अभिषेक बच्चन ने खुद बताया कि आखिर क्यों उन्होंने आईपीएल से दूरी बनाई है और लीग में कोई टीम में निवेश नहीं किया है।
अभिषेक के बजट से बाहर था आईपीएल में टीम खरीदना
फोर्ब्स के साथ हालिया बातचीत में अभिषेक बच्चन ने बताया कि उन्होंने कभी आईपीएल टीम क्यों नहीं खरीदी। एक्टर ने कहा कि यह बहुत दिलचस्प है। मैं ऐसे किसी को नहीं जानता, जिसे आईपीएल पसंद न हो। मुझे लगता है कि यह खेल मनोरंजन का चरम है। मैं इसमें शामिल होना चाहता था, लेकिन उस समय ईमानदारी से कहूं तो जब यह शुरू हुआ था, तब यह बहुत महंगा था। मैं एक उभरता हुआ अभिनेता था। मेरी फिल्में अभी-अभी अच्छा प्रदर्शन करने लगी थीं, मैं ठीक-ठाक कमाई करने लगा था, लेकिन यह मेरे बजट से बाहर था।
अभिषेक बच्चन
- फोटो : सोशल मीडिया
मुझे नहीं पता था मैं आईपीएल में क्या योगदान दे सकता था
अभिनेता ने आगे यह भी बताया कि वित्तीय पहलू के अलावा वह इस खेल में क्या योगदान दे सकते हैं। एक्टर ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह थी कि मुझे पता नहीं था कि मैं क्या योगदान दे सकता हूं। बुनियादी ढांचे के मामले में बीसीसीआई बहुत अच्छा काम करता है, तो मैं इसमें क्या योगदान दे सकता था? मैं वह व्यक्ति नहीं हूं जो दर्शक दीर्घा में बैठकर हाथ हिलाकर खुश हो जाए और कहे, ‘वाह, एक स्टार आ गया है’।
अभिषेक बच्चन-अमिताभ बच्चन
- फोटो : सोशल मीडिया
मैं अपनी टीमों के मैच में काफी इन्वॉल्व रहता हूं
अभिषेक बच्चन ने कहा कि अगर आपने मुझे मेरे मैचों में देखा होगा, तो मैं बहुत शामिल रहता हूं। मैं खिलाड़ियों के साथ बैठता हूं। मैं उनके साथ रहता हूं। अगर संभव हो तो मैं उन्हें ट्रेनिंग भी देता हूं। उनके डाइट का भी ख्याल रखता हूं। मैं हर छोटी-छोटी चीज को मैनेज करता हूं। मुझे इसी तरह काम करना पसंद है।
क्रिकेट के बारे में विशेष रूप से बात करते हुए अभिषेक ने कहा कि मुझे नहीं पता था कि मैं कैसे योगदान दे सकता हूँ क्योंकि उस समय मुझे इस खेल की उतनी जानकारी नहीं थी जितनी अब है। मैं बाकी खेलों के बारे में ज्यादा जानता था। लेकिन कभी हार मत मानो, शायद भविष्य में कुछ हो जाए।