बीते सितंबर में डेब्यू फिल्म 'लवयात्री' में लवर बॉय बनकर बुरी तरह फ्लॉप हुए आयुष शर्मा अब नई इमेज के साथ फिर किस्मत आजमाएंगे। हालांकि फिल्म की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, परंतु सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आयुष की अगली फिल्म सीनियर एक्टर संजय दत्त के साथ गैंगस्टर ड्रामा होगी।
फिल्म का निर्देशन बागी-2 के निर्देशक अहमद खान करेंगे। फिल्म मुंबई अंडरवर्ल्ड की दुनिया में एक डॉन के उभरने और गिरने की कहानी होगी। इसमें आयुष का अहम किरदार रहेगा। फिल्म के लिए आयुष का लुक बिल्कुल रफ-टफ किया जाएगा। आयुष के करीबियों के अनुसार कई निर्माता-निर्देशकों को लगता है कि उनका स्क्रीन प्रेजेंस अच्छा है और रफ-टफ रोल में दर्शक पसंद करेंगे। अहमद खान के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म की शूटिंग मई 2019 में शुरू होगी।