फर्जी कास्टिंग का ताजा मामला करण जौहर की अरसे से प्रस्तावित फिल्म ‘तख्त’ के लिए महल डांसर्स की खोज से जुड़ा हुआ है। इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपने डांस वीडियो शेयर करने वाली दिल्ली की एक युवती को इस गिरोह ने धर्मा प्रोडक्शंस की ईमेल जैसी मिलती जुलती आईडी से मेल भेजकर उसके वीडियो और फोटो मंगाए। इसके बाद मेल आया कि युवती का सेलेक्शन धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म ‘तख्त’ में महल डांसर के लिए हो गया है। महल डांसर क्या होता है ये जानने के लिए युवती ने अपनी एक परिचित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को फोन लगाया तो इस पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से भी पहले इसी तरह का एक गिरोह ऑल्ट बालाजी की किसी सीरीज के लिए संपर्क कर चुका था और तब उनसे ‘एक्सपोज’ करते हुए कुछ फोटो की डिमांड की गई थी। ये गिरोह लड़कियों व महिलाओं से फिल्मों या वेब सीरीज में काम दिलाने के नाम पर पहले कम से कम कपड़ों में फोटो मंगाता है। परदे पर दिखने के लिए बेताब तमाम युवतियां घरवालों से छुपाकर ऐसी फोटो भेज भी देती हैं। बस यहीं से इनका शोषण शुरू हो जाता है। इन फोटो या वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर देने की धमकी देकर ये गिरोह दैहिक और आर्थिक दोनों तरह के शोषण करता है।
लेकिन, फिल्म ‘तख्त’ में कास्टिंग के लिए जो मेल भेजी गई, उसे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने ‘अमर उजाला’ के साथ साझा कर दिया। इस बारे में जब करण जौहर की फिल्म प्रोडक्शन कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस से संपर्क किया और कास्टिंग के लिए आया मेल कंपनी प्रतिनिधि के साथ साझा किया गया तो पता चला कि ये फर्जी मामला है। आपके संज्ञान में भी अगर कोई ऐसा संदिग्ध मामला हो तो हमें जरूर बताएं। किसी कास्टिंग कॉल की पुष्टि या फिल्मों में काम दिलाने के लिए किसी तरह के शोषण की तफ्तीश के लिए भी आप ‘अमर उजाला’ की टीम से इस ईमेल आईडी पर संपर्क कर सकते हैं: entertainmentdesk@bom.amarujala.com