इन दिनों सचिन तेंदुलकर पर एक चर्चा जोरों पर हैं। सुनने में आ रहा है सचिन पर एक फिल्म बनने जा रही है। चर्चा तो नरगिस फाकरी के शादी को लेकर दिए गए बयान पर भी है।
*सचिन तेंदुलकर 23 साल से देश के लिए खेल रहे हैं। अब उनकी जिंदगी पर फिल्म बनाने का आइडिया सामने आया है। यह दिया है क्रिकेटर विराट कोहली ने। लड़कियों के खून से लिखे खत पाने वाले विराट का कहना है कि ‘भाग मिल्खा भाग’ के बाद सचिन पर फिल्म बनाई जानी चाहिए। ...और फिल्म में दिखाएंगे क्या? विराट के अनुसार वह तनाव और दबाव जो सचिन ने इन सालों झेला और किसी ने नहीं देखा। अब देखते हैं किस डायरेक्टर को यह बात भाती है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल कि पर्दे पर सचिन कौन बनेगा? खुद सचिन...! आइला...!!
*‘रॉकस्टार’ की हीरोइन नर्गिस फाकरी ने यह कह कर चौंका दिया है कि उनका शादी-ब्याह में भरोसा नहीं हैं और ताउम्र वह विवाह बंधन में नहीं बंधना चाहतीं। उनका पूरा फोकस इस समय आने वाली फिल्म ‘मद्रास कैफे’ पर है। लेकिन प्यार...? फिलहाल वह इसके बारे में कोई बात नहीं करना चाहतीं।
*राजनेता बॉलीवुड के निशाने पर हैं। अमिताभ बच्चन और अजय देवगन की ‘सत्याग्रह’ के पश्चात दीपक डोबरियाल की ‘डेमोक्रेसी प्राइवेट लिमिटेड’, निर्देशक अतुल अग्निहोत्री की ‘ओ तेरी’ जैसी फिल्में कतार में हैं। ‘ओ तेरी’ में सलमान खान मेहमान भूमिका में दिखेंगे। खबर है कि अक्षय कुमार ‘ओ माई गॉड’ के सीक्वल में राजनेताओं की चुटकी लेते दिखेंगे। परेश रावल इसमें नेता बने हैं।
*शाहरुख खान अपनी मेहमांनवाजी के लिए याद किए जाते हैं। रविवार को उन्होंने जब अपने घर पर बॉलीवुड सितारों को पार्टी दी तो बुजुर्ग दिलीप कुमार और सायरा बानू का भी पूरा खयाल रखा। जोरदार डांस के बीच शाहरुख ने समय निकाल कर खुद अपने हाथों से दिलीप साहब को खाना खिलाया। यह बात किसी से छुपी नहीं है कि दिलीप कुमार ने एक बार शाहरुख से कहा था कि अगर मेरा कोई बेटा होता तो तुम्हारे ही जैसा होता।