आज भी बॉलीवुड में कई सारी ऐसी फिल्में बन रही हैँ जिनका पूरा बजट दो करोड़ के आसपास होता है। लेकिन 'जंजीर' फिल्म कितनी महंगी होगी इसका अंदाजा इसी बात से लगया जा सकता है कि इस फिल्म के एक एक्शन सीन के लिए दो करोड़ खर्च किए गए हैं।
अपूर्वा लखिया अपनी फिल्म 'जंजीर' के एक्शन सीन पर जमकर पैसा बहा रहे हैं। उन्होंने फिल्म का एक सीन शूट करने के लिए लगभग 2 करोड़ रुपए खर्च कर दिए। यह फिल्म 30 साल पहले बनी उसी 'जंजीर' फिल्म का रीमेक जिसमें अमिताभ बच्चन ने मुख्य भूमिका निभायी थी।
फिल्म के जिस सीन पर 2 करोड़ रुपए खर्च किए गए, उसका सेट मुंबई की फिल्म सिटी में तैयार किया गया था। यह एक फाइट सीक्वेंस था, जो इस फिल्म के लीड एक्टर राम चरन पर फिल्माया जाना था।
इस सीक्वेंस की रिसर्च और प्लानिंग पर फिल्म की टीम ने दो महीने का वक्त लिया। सीन को सात कैमरों से शूट किया गया। इसके लिए सेट कितना बड़ा लगाया गया था, इसका अंदाजा सिर्फ इस बात से लगाया जा सकता है कि सेट पर लगभग दो हजार झुग्गियां बनाई गई थीं।
इस सीन को शूट करने में सबसे मुश्किल काम आपसी तालमेल का था। एक के बाद एक बाद कैमरों के बीच तालमेल बनाना आसान नहीं था।
फिल्म के निर्माता साकेत ने कहा कि हमने स्लम बस्ती धारावी का सेट बनाया था और वहां 120 फाइटर और 300 जूनियर आर्टिस्ट मौजूद थे। यहां क्वालालाम्पुर से भी कुछ कारें मंगायी गयी थीं। इन कार के ड्राइवरों को प्रशिक्षण भी दिया गया।
लगभग 75 करोड़ बजट में बनी यह फिल्म 6 सितंबर को रिलीज होनी है। राम चरन तेजा के अलावा इस फिल्म में संजय दत्त, प्रकाश राज और प्रियंका चोपड़ा की मुख्य भूमिका है। फिल्म 6 सितंबर को रिलीज होनी है।