शाहरुख खान और गौरी की दिल्ली से पुरानी यादें जुड़ी हैं। यह शहर उनकी मोहब्बत का गवाह रहा है। इस शहर में उनकी शादी हुई और वैवाहिक जीवन की शुरुआत यहीं से हुई। शाहरुख खान ने अब दिल्ली की वह पूरी बिल्डिंग खरीद ली है, जिसमें शादी के बाद वे और गौरी रहे थे। बता दें कि इस बिल्डिंग की पहली मंजिल और बेसमेंट पहले से एक्टर के पास थे। अब उन्होंने दूसरी और तीसरी मंजिल भी खरीद ली है।
पूरी बिल्डिंग अब शाहरुख खान की
शाहरुख खान ने दिल्ली के पंचशील पार्क में स्थित अपने पुराने पारिवारिक घर की बाकी मंजिलें भी खरीद ली हैं। साल 1991 में गौरी खान से शादी के बाद किंग खान इसी दिल्ली वाले घर में रहते थे। मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रॉपर्टी का शाहरुख खान के लिए बहुत व्यक्तिगत महत्व है। इस रिहायशी इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल भी खरीद लेने के बाद अब पूरी तरह से यह प्रॉपर्टी खान परिवार के स्वामित्व में है।