रियलिटी शो 'बिग बॉस 19' में इन दिनों जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल रहा है। हर एपिसोड में कुछ न कुछ ऐसा हो रहा है जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाता है। इस बार विवादों के केंद्र में रहे हैं म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक और एक्टर अभिषेक बजाज, जिनकी लड़ाई ने पूरे घर का माहौल गर्म कर दिया। अब इस झगड़े पर टीवी इंडस्ट्री की दो बड़ी हस्तियों गौहर खान और काम्या पंजाबी ने खुलकर अपनी राय रखी है।
नॉमिनेशन टास्क में भिड़े अमाल और अभिषेक
हाल ही के एपिसोड में नॉमिनेशन टास्क के दौरान अमाल मलिक और अभिषेक बजाज के बीच बहस इस कदर बढ़ गई कि मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। टास्क के दौरान अमाल ने अभिषेक को पानी पुरी खिलाते हुए कहा- 'घर का सारा गंद खाता है, ये भी खा ले।' इसी बीच उन्होंने अभिषेक के चेहरे को छुआ, जिससे अभिषेक भड़क उठे और बोले, 'मुंह पर हाथ क्यों लगाया?' मामला इतना गरमाया कि अभिषेक ने अमाल को धक्का दे दिया। तभी कंटेस्टेंट बसीर अली बीच में आए और अभिषेक को टोकते हुए बोले- 'धक्का क्यों मार रहा है उसे? जाकर उधर बैठ, बेवकूफ।'
गौहर खान ने सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
अमाल और अभिषेक की इस झड़प पर ‘बिग बॉस 7’ की विजेता और एक्ट्रेस गौहर खान ने एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि किसी भी स्थिति में किसी का चेहरा छूना या उसे शारीरिक रूप से उकसाना गलत है। गौहर ने सवाल उठाया- 'अगर ये सब करने की इजाजत है, तो फिर लाइन कहां खींची जाएगी? क्या हर कोई एक-दूसरे पर हाथ उठाने लगे?' उनका पोस्ट कुछ ही मिनटों में वायरल हो गया और फैंस दो गुटों में बंट गए- कुछ अमाल के सपोर्ट में थे, तो कुछ अभिषेक के साथ खड़े दिखे।
यह खबर भी पढ़ें: 12वें दिन 450 करोड़ के पार हुई 'कांतारा चैप्टर 1' की कमाई, 'सनी संस्कारी...' समेत जानें बाकी फिल्मों का हाल
काम्या पंजाबी ने कहा- 'अमाल का व्यवहार गलत था'
गौहर के बाद 'शक्ति – अस्तित्व के एहसास की' फेम काम्या पंजाबी ने भी ट्वीट करते हुए अमाल मलिक के व्यवहार की आलोचना की। उन्होंने लिखा, 'जो अमाल ने किया वो बिल्कुल गलत था। इसकी जरूरत नहीं थी और ये बिल्कुल अनुचित था। बसीर भी उतना ही गलत था।' काम्या का ये बयान भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ और कई लोगों ने उनकी बात से सहमति जताई कि ‘बिग बॉस’ में बहस हो सकती है, लेकिन शारीरिक सीमा पार करना शो की मर्यादा के खिलाफ है।
दर्शकों में बंटी राय
इस घटना के बाद दर्शकों के बीच सोशल मीडिया पर अमाल और अभिषेक ट्रेंड करने लगे। कुछ फैंस ने कहा कि अमाल ने जानबूझकर उकसाया, जबकि बाकी का कहना था कि अभिषेक को हिंसा नहीं करनी चाहिए थी। वहीं दूसरी तरफ घर से बेघर होने के लिए इस बार कुल चार कंटेस्टेंट्स नॉमिनेट हुए हैं। मृदुल तिवारी, मालती चाहर, गौरव खन्ना और नीलम गिरी। इन चारों में से कोई एक इस हफ्ते के आखिर में घर से एविक्ट हो जाएगा।